Sonali Raut: रियलिटी शो की चमक-दमक के पीछे छिपी सच्चाई से लोग वाकिफ नहीं होते। बिग बॉस जैसे मशहूर शो को लेकर हाल ही में अभिनेत्री और मॉडल सोनाली राउत ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने दावा किया है कि 'बिग बॉस मराठी 6' के घर के अंदर हालात बेहद खराब और अस्वच्छ थे, जिससे उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। एक्ट्रेस ने अपना एक वीडियो जारी कर इस घटना के बारे में खुलासा किया है।
गंदगी और लापरवाही के आरोप
सोनाली राउत ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर किए, जिनमें उनके शरीर पर रैशेज और निशान दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घर के किचन में चूहे घूमते थे और राशन को नुकसान पहुंचाते थे, वहीं खाने में कॉकरोच तक पाए गए। उनके मुताबिक, ऐसे ही खाने को कंटेस्टेंट्स को परोसा जाता था।
एक बाथरूम, 17 कंटेस्टेंट्स
सोनाली ने यह भी दावा किया कि सजा के तौर पर सभी 17 कंटेस्टेंट्स को केवल एक ही वॉशरूम इस्तेमाल करने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने बताया कि उस वॉशरूम की हालत बेहद खराब थी- लोग वहीं खाना खाते, स्मोकिंग करते और गंदगी फैलाते थे। उनके अनुसार, साफ-सफाई की कमी के कारण कई बार टॉवल और नैपकिन भी साझा करने पड़े, जो स्वास्थ्य के लिहाज से खतरनाक था।
अभिनेत्री ने कहा कि इन खराब परिस्थितियों के कारण उन्हें स्केबीज़ जैसी संक्रामक त्वचा बीमारी हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शो के निर्माताओं ने कंटेस्टेंट्स की सेहत और सुरक्षा को नजरअंदाज किया।
लीगल नोटिस भेजा
मामला अब केवल आरोपों तक सीमित नहीं रहा है। सोनाली राउत ने शो के निर्माताओं, यानी एंडेमोल शाइन इंडिया को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने मानसिक और शारीरिक नुकसान का हवाला देते हुए जवाबदेही तय करने और मुआवजे की मांग की है।









