Asha Bhosle Death: भारतीय संगीत जगत ने हाल ही में एक अमूल्य स्वर खो दिया। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके जाने से फिल्म और संगीत उद्योग में शोक की लहर है। इस बीच 70-80 के जमाने की दिग्गज अभिनेत्री मुमताज ने उनके अंतिम संस्कार से जुड़ा एक भावुक वीडियो साझा कर सभी को भावुक कर दिया।
मुमताज़ ने शेयर किया भावुक वीडियो
मुमताज़ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह आशा भोसले के पार्थिव शरीर के पास खड़ी नजर आती हैं। वीडियो में वह भावुक होकर कहती हैं, “कितनी प्यारी लग रही हैं।” उनके चेहरे पर आशा ताई के लिए गहरा भाव और सम्मान साफ झलक रहा है।
वीडियो के साथ मुमताज़ ने एक दिल छू लेने वाला संदेश भी लिखा। उन्होंने लिखा- "कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें दुनिया के सामने दिखाने की जरूरत नहीं होती, वे हमेशा दिल में ही बसे रहते हैं, जहां सिर्फ आप समझ पाते हैं कि किसी के जाने का गम क्या होता है। आशा भोसले जी की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।"
खास था दोनों का रिश्ता
इससे पहले भी मुमताज़ ने एक पुराना वीडियो साझा कर श्रद्धांजलि दी थी, जिसमें दोनों साथ में नाचते नजर आए थे। उन्होंने लिखा कि आशा भोसले सिर्फ एक महान गायिका नहीं थीं, बल्कि उनकी फिल्मों की आत्मा थीं। उनके गानों ने उनके अभिनय में जान डाल दी थी और हर गीत को यादगार बना दिया था।
92 की उम्र आशा ताई का निधन
जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को तबीयत खराब होने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें थकान और सीने में संक्रमण की शिकायत थी। बाद में मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हो गया।
उनका अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान आमिर खान, रणवीर सिंह, विक्की कौशल और विद्या बालन सहित कई फिल्मी सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।









