haribhoomi hindi news
सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडिस ने कोर्ट में बड़ा कदम उठाते हुए सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई है।

Sukesh Chandrashekhar case: महाठग सुकेश चंद्रशेखर के मन लॉन्ड्रिंग केस में फंसी बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने अब बड़ा कदम उठाने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली की एक अदालत में चल रहे इस केस में जैकलीन ने ‘सरकारी गवाह’ (अप्रूवर) बनने की इच्छा जताई है। फिलहाल सुकेश कई मामलों में जेल में बंद है।

सरकारी गवाह बनेंगी जैकलीन
खबरों के अनुसार, अदालत में पेशी के दौरान जैकलीन की ओर से यह अनुरोध रखा गया, जिस पर कोर्ट ने उन्हें कानूनी प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस तरह का अनुरोध सीधे कोर्ट में नहीं, बल्कि पहले जांच एजेंसी, यानी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास किया जाना चाहिए।

कानूनी प्रक्रिया के अनुसार, जैकलीन को अब अपना आवेदन ED के समक्ष देना होगा। इसके बाद एजेंसी उनका बयान दर्ज करेगी और तय करेगी कि उन्हें ‘अप्रूवर’ बनाए जाने के लिए अदालत में औपचारिक अर्जी दाखिल की जाए या नहीं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब कुछ महीने पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने जैकलीन की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने इस मामले में चल रही आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने की मांग की थी।

ठगी के आरोप में जेल में है सुकेश
गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर पर 215 करोड़ रुपये के कथित उगाही रैकेट को संचालित करने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसने फर्जी पहचान और धोखाधड़ी के जरिए कई हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाया।

जैकलीन पर इन पैसों से महंगे गिफ्टस मिलने आरोप
ED का दावा है कि जैकलीन फर्नांडिस को सुकेश से करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक के महंगे गिफ्ट मिले थे, जिनमें ज्वेलरी, डिजाइनर कपड़े और लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। एजेंसी का यह भी आरोप है कि सुकेश की गिरफ्तारी के बाद अभिनेत्री ने अपने फोन से कुछ डेटा डिलीट किया और शुरुआत में अपने वित्तीय लेनदेन की पूरी जानकारी नहीं दी, हालांकि बाद में सबूत सामने आने पर उन्होंने विवरण साझा किया।

वहीं, जैकलीन ने लगातार इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें सुकेश की कथित आपराधिक गतिविधियों की जानकारी नहीं थी और वह खुद को एक वैध कारोबारी के रूप में पेश करता था।

यह मामला फिलहाल जांच के अधीन है और आने वाले समय में ED के फैसले के बाद इसमें नया मोड़ आ सकता है।

7