Ramayana Movie: नितेश तिवारी की अपकमिंग मेगा बजट फिल्म रामायण का टीजर रिलीज होने के बाद इसको लेकर और भी एक्साइटमेंट बढ़ गई है। फिल्म से रणबीर कपूर का राम लुक रिवील होते ही छा गया है। लेकिन रणबीर इस फिल्म में केवल राम के रोल में ही नहीं नजर आएंगे। एक्टर ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि वह इस ग्रैंड माइथोलॉजिकल फिल्म में डबल रोल में नजर आएंगे। क्या होगाा ये रोल? कौन-से दो अवतार में दिखेंगे रणबीर? आइए जानते हैं...
टीज़र में मिली इस रोल की हिंट
आपके बताते चलें, रणबीर कपूर रामायण में भगवान राम के साथ-साथ भगवान परशुराम का किरदार भी निभाएंगे। 2 अप्रैल को रिलीज हुए फिल्म के टीज़र रणबीर कपूर भगवान राम के अलग-अलग रूपों में नजर आए- एक योद्धा, एक राजा और एक आदर्श पुरुष के रूप में।
इसी टीज़र में एक खास सीन ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी, जहां राम एक विशाल सुनहरी फरसा पकड़ते दिखते हैं, जिसे भगवान परशुराम से जोड़ा जा रहा है। इस सीन के बाद से ही रणबीर के डबल रोल की अटकलें तेज हो गई थीं, जिस पर अब खुद अभिनेता ने मुहर लगा दी है।

रणबीर ने कन्फर्म किया डबल रोल
रणबीर कपूर ने कॉलिडर को दिए इंटरव्यू में कहा- "भगवान विष्णु के कई अवतार हैं... भगवान राम एक अवतार हैं और भगवान परशुराम उनसे पहले के अवतार हैं। ऐसे में दोनों किरदार निभाना मेरे लिए बेहद खास मौका है।"

उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के तौर पर सिर्फ लुक या आवाज बदलना ही काफी नहीं होता, बल्कि किरदार की भावनाओं और आध्यात्मिकता को समझना सबसे जरूरी है। इसी समझ के साथ उन्होंने दोनों किरदारों को अलग-अलग तरीके से गढ़ने की कोशिश की है।
राम का किरदार निभाने पर क्या बोले रणबीर?
भगवान राम जैसे महान चरित्र को पर्दे पर लाने की चुनौती के बारे में बात करते हुए रणबीर ने कहा, "यह एक ऐसी जिम्मेदारी है जिसे आप अपने कंधों पर उठाते हैं। आप वास्तव में उनका अभिनय नहीं कर सकते, आप उनका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, अपनी कहानी कह रहे हैं, एक अभिनेता के रूप में भगवान राम का अपना संस्करण प्रस्तुत कर रहे हैं। इसलिए एक अभिनेता और एक भारतीय के रूप में भगवान राम के प्रति मेरी जो जिम्मेदारी, इरादा, आस्था और विश्वास है, मुझे लगता है कि यहीं से सब कुछ शुरू होता है।"
रणबीर का मानना है कि रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि जीवन के कई महत्वपूर्ण सबक सिखाने वाली महाकथा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म दुनियाभर के दर्शकों तक भारतीय संस्कृति और मूल्यों को पहुंचाएगी।
स्टारकास्ट और रिलीज
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। उनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता और अरुण गोविल जैसे किरदार भी नजर आएंगे। यह मेगा बजट फिल्म दिवाली 2026 पर रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।









