Logo
तेलुगु स्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना ने अपने दोनों नवजात जुड़वा बच्चों के नामकरण किए। कपल ने इसके लिए खास आयोजन किया जिसमें चिरंजीवी समेत पूरा परिवार शामिल हुआ।

Ram Charan twins: तेलुगु सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। 31 जनवरी को इस कपल ने जुड़वां बच्चों- एक बेटे और एक बेटी का स्वागत किया। 10 फरवरी को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में पारंपरिक नामकरण संस्कार आयोजित किया गया, जहां दोनों बच्चों के नामों का खुलासा किया गया।

जुड़वां बच्चों के नामकरण की झलक

राम चरण और उपासना ने अपने बेटे का नाम शिवराम रखा और बेटी का नाम अनवीरा देवी रखा है। राम चरण ने बताया कि बेटे शिवराम का नाम भगवान शिव और भगवान राम- दो शाश्वत आदर्शों से प्रेरित है, जो शक्ति, संयम और धर्म का प्रतीक हैं। साथ ही, यह नाम उनके पिता के जन्म नाम ‘शिव शंकर वरा प्रसाद’ से भी जुड़ा है, जिससे पारिवारिक विरासत और कृतज्ञता का भाव झलकता है।

वहीं बेटी अनवीरा में ‘वीरा’ का अर्थ है बहादुरी, जबकि ‘अन’ उसे असीमित बनाता है। ‘देवी’ शब्द दिव्य स्त्री शक्ति और सौम्यता का प्रतीक है। राम चरण ने कहा कि ये नाम सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि बच्चों के लिए शक्ति, प्रेम और साहस की प्रेरणा हैं। अभिनेता चिरंजीवी ने इस समारोह से परिवार की तस्वीरें शेयर कर दोनों नवजात बच्चों की झलक दिखाई है।

पारिवारिक परंपरा का पालन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उपासना ने जुड़वां बच्चों को उसी अस्पताल के कमरे में जन्म दिया, जहां 20 जून 2023 को उनकी पहली बेटी क्लिन कारा कोनिडेला का जन्म हुआ था। परिवार ने ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार शुभ मुहूर्त का भी ध्यान रखा।

यह दंपति अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक मंच से दूर रखने के लिए जाना जाता है। उन्होंने अब तक बच्चों के चेहरे सोशल मीडिया पर साझा नहीं किए हैं और आगे भी गोपनीयता बनाए रखने का इरादा जताया है।

वर्क फ्रंट

काम के मोर्चे पर राम चरण अपनी आगामी फिल्म 'पेड्डी' की रिलीज की तैयारी में हैं। यह फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी और इसमें जान्हवी कपूर, शिवा राजकुमार और दिव्येंदू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

5379487