Hrithik Roshan Don 3: पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड गलियारों में फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) की फिल्म डॉन 3 (Don 3) को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था। खबरें सामने आईं रणवीर सिंह (Ranveer Singh) को फिल्म से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) को कास्ट किया जा सकता है। हालांकि अब खुद ऋतिक ने सामने आकर इन अटकलों को खारिज कर दिया है।
ऋतिक रोशन ने जारी किया आधिकारिक बयान
शुक्रवार को ऋतिक रोशन ने मीडिया के नाम एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उन्हें डॉन 3 के लिए कभी संपर्क ही नहीं किया गया। उन्होंने कहा-
“जो बात महज़ एक अफवाह के तौर पर शुरू हुई थी, वह अब एक अलग ही रूप ले चुकी है। इसलिए सच्चाई सामने रखना ज़रूरी है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मुझे डॉन 3 के लिए कभी भी अप्रोच नहीं किया गया। मीडिया से अनुरोध है कि इस तरह की अपुष्ट खबरों से दूरी बनाए रखें।”
'डॉन 3' को लेकर रणवीर और मेकर्स के बीच छिड़ा विवाद
गौरतलब है कि अगस्त 2023 में फरहान अख्तर ने एक वीडियो जारी कर घोषणा की थी कि डॉन फ्रेंचाइज़ी के तीसरे भाग में रणवीर सिंह नए ‘डॉन’ के रूप में नजर आएंगे। इससे पहले इस किरदार को हिंदी सिनेमा में अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान निभा चुके हैं।
हाल ही में खबरें आईं कि रणवीर और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच रचनात्मक मतभेद सामने आए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि स्क्रिप्ट को लेकर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन पा रही थी। हालांकि इन दावों पर न तो रणवीर सिंह और न ही फरहान अख्तर की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है।
डॉन 3 पर आगे क्या है अपडेट?
फिलहाल डॉन 3 की प्रगति को लेकर कोई नई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं रणवीर सिंह अपनी आगामी फिल्म की तैयारी में व्यस्त हैं, जबकि ऋतिक रोशन जल्द ही बतौर निर्देशक कृष 4 पर काम शुरू करने वाले हैं।
ऋतिक के बयान से इतना तो साफ है कि डॉन 3 में उनकी एंट्री की खबरें महज़ अफवाह थीं। अब दर्शकों को फिल्म की टीम की ओर से किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
