Shilpa Shetty Personality rights: बॉलीवुड सेलेब्स अपनी पर्सनालिटी राइट्स को लेकर सजग हो गए हैं। सलमान खान, ऐश्वर्या-अभिषेक, करण जौहर जैसे सेलेब्स के बाद अब शिल्पा शेट्टी को भी उनके पर्सनैलिटी राइट्स को लेकर बड़ी कानूनी राहत मिली है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने अहम आदेश जारी करते हुए शिल्पा शेट्टी के नाम, तस्वीर, आवाज और उनकी पहचान से जुड़े किसी भी रूप के अनधिकृत इस्तेमाल पर सख्त रोक लगा दी है।
अदालत ने अपने आदेश दिया है कि किसी भी व्यक्ति या प्लेटफॉर्म को शिल्पा शेट्टी की पहचान का गलत इस्तेमाल करने या उन्हें गलत तरीके से प्रस्तुत करने की अनुमति नहीं है। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि अगर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अभिनेत्री से जुड़ा कोई मानहानिकारक या अधिकारों का उल्लंघन करने वाला कंटेंट मौजूद है, तो उसे तुरंत हटाया जाए।
ये भी पढ़ें- कुवैत से जान बचाकर भारत लौटीं Urvashi Rautela: बोलीं- 'फ्लाइट में बैठते ही अचानक बहुत डर...'

डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को भी दी गई जिम्मेदारी
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में यह भी कहा कि किसी सार्वजनिक हस्ती की पहचान और प्रतिष्ठा का व्यावसायिक फायदा उठाने या डिजिटल रूप से छेड़छाड़ करने की इजाजत बिना उनकी अनुमति के नहीं दी जा सकती।
साथ ही अदालत ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और इंटरनेट इंटरमीडियरीज को निर्देश दिया कि यदि इस तरह का कोई अवैध कंटेंट उनकी जानकारी में आता है तो उसे तुरंत हटाने की कार्रवाई करें।
इस मामले में शिल्पा शेट्टी की ओर से पैरवी कर रहीं वकील सना रईस खान ने कहा कि यह आदेश डिजिटल दुनिया में बढ़ते डीपफेक और किसी की पहचान की नकल करने जैसी समस्याओं से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

2025 में शिल्पा ने दायर की थी याचिका
बताया जा रहा है कि शिल्पा शेट्टी ने नवंबर 2025 में बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और अपने पर्सनैलिटी राइट्स की कानूनी सुरक्षा की मांग की थी। हाल की सुनवाई के दौरान अदालत ने उन एआई टूल्स को लेकर भी चिंता जताई थी, जो बिना अनुमति के सेलिब्रिटीज की छवि और आवाज की नकल कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Lahore 1947 Movie: सनी देओल की 'लाहौर 1947' बड़ा अपडेट, आमिर खान ने बताया टाइटल बदलेगा या नहीं

अन्य सितारों को भी मिल चुकी है राहत
शिल्पा शेट्टी से पहले भी कई बॉलीवुड सितारे इस तरह की कानूनी सुरक्षा हासिल कर चुके हैं। इनमें काजोल, अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, अभिषेक बच्चन, विवेक ओबेरॉय और सलमान खान जैसे नाम शामिल हैं, जिन्हें अदालत ने इंटरनेट पर उनकी पहचान के गलत इस्तेमाल से बचाने के लिए पर्सनालिटी राइट्स सुरक्षित किए हैं।









