haribhoomi hindi news
ICICI Bank Q4 results: आईसीआईसीआई बैंक का चौथे क्वार्टर का मुनाफा 8.5 फीसदी बढ़कर 13 हजार 700 करोड़ हुआ। कंपनी ने इस नतीजे के बाद 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है।

ICICI Bank Q4 results: देश के प्रमुख निजी बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। बैंक ने इस तिमाही में मजबूत प्रदर्शन करते हुए 8.5% की सालाना बढ़त के साथ 13702 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। पिछले साल इसी अवधि में बैंक का मुनाफा 12629.58 करोड़ था।केवल सालाना ही नहीं, तिमाही आधार पर भी बैंक की कमाई में जोरदार उछाल देखने को मिला। 

तीसरे क्वार्टर के मुकाबले मुनाफा 21 फीसदी बढ़ा है। इस बढ़त के पीछे ऑपरेटिंग इनकम में सुधार, प्रावधान में भारी कमी और एसेट क्वालिटी में सुधार अहम कारण रहे।

नेट इंटरेस्ट इनकम में बढ़त
बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम 22979 करोड़ रही, जो पिछले साल ₹21193 करोड़ थी। यानी इसमें 8.43% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। यह संकेत देता है कि बैंक की लेंडिंग और कमाई का आधार मजबूत बना हुआ है।

प्रावधान में बड़ी गिरावट से बढ़ा मुनाफा
इस तिमाही की सबसे बड़ी खासियत रही प्रावधान में भारी कमी। बैंक का प्रावधान घटकर सिर्फ 96.16 करोड़ रह गया, जो पिछले साल 890.70 करोड़ था। यानी इसमें करीब 89% की गिरावट आई। वहीं तीसरे क्वार्टर के 2554 करोड़ के मुकाबले यह 96 फीसदी से ज्यादा कम है। इसी वजह से बैंक की प्रॉफिटेबिलिटी में तेज सुधार देखने को मिला।

एसेट क्वालिटी में भी सुधार
बैंक की एसेट क्वालिटी भी मजबूत रही। ग्रॉस एनपी घटकर 1.40% हो गया, जो एक साल पहले 1.67% था। वहीं नेट एनपीए 0.33% पर आ गया, जो पहले 0.39% था। यह दिखाता है कि बैंक के लोन पोर्टफोलियो की गुणवत्ता बेहतर हुई है।

RBI के निर्देश पर अतिरिक्त प्रावधान
बैंक ने 1283 करोड़ का अतिरिक्त स्टैंडर्ड एसेट प्रावधान भी किया है, जो आरबीआई के के निर्देश पर किया गया है। यह प्रावधान एग्रीकल्चर लोन पोर्टफोलियो से जुड़ा है और यह किसी जोखिम का संकेत नहीं, बल्कि एक नियामकीय प्रक्रिया का हिस्सा है।

कंसोलिडेटेड प्रदर्शन भी मजबूत
समूह स्तर पर (इंश्योरेंस, एसेट मैनेजमेंट आदि को मिलाकर) बैंक का मुनाफा 14,755.06 करोड़ रहा, जो सालाना 9.28% ज्यादा है। इसमें आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई जनरल इंश्योरेंस और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी का योगदान रहा। 

निवेशकों के लिए खुशखबरी
बैंक ने शेयरधारकों के लिए 12 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है। वहीं 17 अप्रैल को बीएसई पर बैंक का शेयर 0.5% बढ़कर 1352.8 पर बंद हुआ।ICICI बैंक के नतीजे यह दिखाते हैं कि बैंक मजबूत फंडामेंटल, बेहतर एसेट क्वालिटी और कम जोखिम के साथ आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में भी इसकी ग्रोथ स्थिर रहने की उम्मीद है।

(प्रियंका कुमारी)

7