SUV Comparison: पहाड़ी रास्ते, रेगिस्तानी रेत, कीचड़ भरे ट्रैक और बरसाती जंगल—इन हालात में ड्राइविंग के लिए एक मजबूत 4×4 ऑफरोडर की जरूरत होती है। ऑफरोडिंग सिर्फ रोमांच नहीं, बल्कि वाहन की ताकत, ग्राउंड क्लियरेंस और ट्रैक्शन सिस्टम की असली परीक्षा है। भारत में इस सेगमेंट में तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चित हैं—Mahindra Thar, Force Gurkha और Maruti Suzuki Jimny।
Mahindra Thar
महिंद्रा थार अपनी क्लासिक डिजाइन और दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है। इसमें 2.0-लीटर पेट्रोल (150 hp) और 2.2-लीटर डीजल (130 hp) इंजन का विकल्प मिलता है, साथ में 6-स्पीड मैनुअल या ऑटोमैटिक गियरबॉक्स।
226 मिमी ग्राउंड क्लियरेंस, 41.8° अप्रोच एंगल और 36.8° डिपार्चर एंगल इसे कठिन रास्तों पर सक्षम बनाते हैं। 4×4 लो-रेंज गियरबॉक्स और मैकेनिकल लॉकिंग डिफरेंशियल इसे चट्टानी और कीचड़ वाले रास्तों पर मजबूती देते हैं। कीमत 9.99 लाख से 17.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है।
Force Gurkha
फोर्स गुरखा एक हार्डकोर ऑफरोडर है। इसमें 2.6-लीटर डीजल इंजन (91 hp) और 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन मिलता है। 233 मिमी ग्राउंड क्लियरेंस, फ्रंट-रियर डिफरेंशियल लॉक और 700 मिमी वॉटर वेडिंग क्षमता इसे एक्सट्रीम कंडीशन के लिए तैयार करते हैं।
इसकी मजबूत बॉडी-ऑन-फ्रेम चेसिस इसे बेहद टिकाऊ बनाती है। कीमत 15.95 लाख रुपये से शुरू होती है। हालांकि हाईवे पर पावर थोड़ी कम महसूस हो सकती है।
Maruti Suzuki Jimny
जिम्नी एक कॉम्पैक्ट और एजाइल ऑफरोडर है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन (105 hp) और ऑलग्रिप प्रो 4×4 सिस्टम मिलता है। 210 मिमी ग्राउंड क्लियरेंस और 37° अप्रोच एंगल इसे संकरे ट्रेल्स के लिए परफेक्ट बनाते हैं।
9-इंच टचस्क्रीन, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स इसे मॉडर्न बनाते हैं। कीमत 12.31 लाख से 14.95 लाख रुपये तक है। पॉपुलैरिटी के लिए थार, हार्डकोर ऑफरोडिंग के लिए गुरखा और आसान ड्राइविंग व बेहतर माइलेज के लिए जिम्नी बेस्ट ऑप्शन है।
(मंजू कुमारी)








