स्त्री सम्मान समृद्धि योजना: UP में महिलाओं को ₹3000 महीना देगी सपा, अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी ऐलान

लखनऊ बैठक में अखिलेश यादव ने स्त्री सम्मान समृद्धि योजना की घोषणा की। सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को ₹3000 महीना देंगे। 2027 में महिलाओं को ज्यादा टिकट।

Updated On 2025-06-22 15:54:00 IST

UP में महिलाओं को ₹3000 महीना देगी सपा, अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी ऐलान 

Akhilesh Yadav Women Scheme: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी ने बड़ा ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने कहा, राज्य में समाजवादी सरकार बनी तो गरीब महिलाओं के स्त्री सम्मान समृद्धि योजना लागू करेंगे। इस योजना के तहत हर गरीब महिला को 3000 रुपए महीने मिलेंगे।

लखनऊ सपा कार्यालय में रविवार, 22 जून को हुई विशेष बैठक में प्रदेश भर से महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। बैठक में महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का वादा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, हमारी सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना शुरू की थी, बीजेपी ने उसे कॉपी कर कई राज्यों में सरकार बना ली। उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनी तो गरीब महिलाओं के लिए 3000 रुपए देने का काम करेंगे। महिलाएं मजबूत होंगी, तो परिवार और समाज दोनों सशक्त होंगे।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता
अखिलेश यादव ने कहा, सपा सरकार बनने पर ‘1090’ महिला हेल्पलाइन को और प्रभावशाली बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 2027 के चुनाव में महिलाओं को अधिक टिकट देकर प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तीखा रुख
अखिलेश यादव ने केंद्र की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा, भारत को ईरान-इज़राइल संघर्ष में साफ और मानवतावादी रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने सरकार से विशेष विमानों और राजनयिक प्रयासों के माध्यम से फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने की मांग की।

चुनाव आयोग और प्रशासन पर आरोप
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। कहा, लोकतंत्र खतरे में है। अखिलेश ने कहा, पुलिस-प्रशासन आम जनता विशेषकर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील हो गया है। प्रशासन का उपयोग माफिया और राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है।

2027 की रणनीति का आगाज़
समाजवादी पार्टी ने बैठक में स्पष्ट संकेत दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भूमिका अहम होने वाली है। महिला वर्ग को आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक सम्मान देने की योजनाएं पार्टी के चुनावी एजेंडे में शीर्ष पर रहेंगी।

Tags:    

Similar News