घर बसने से पहले उजड़ा: बारात लेकर पहुंचे दूल्हे ने दरवाजे पर कर दिया कांड, दुल्‍हन बोली-नहीं करूंगी शादी

UP के प्रतापगढ़ में शराब के कारण शहनाई बजने से पहले शादी टूट गई। नशे में धुत दूल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने बारात को बंधक बना लिया।

Updated On 2024-11-13 17:55:00 IST
प्रतापगढ़ में दूल्हा शराब पीकर पहुंचा तो लड़की ने शादी से किया इनकार।

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में दारू पीना दूल्हे को भारी पड़ गया। घर बसने से पहले उजड़ गया। शराब के नशे में धुत दूल्हा बारात लेकर पहुंचा। द्वार पूजा में लड़खड़ाने लगा। होने वाले पति को नशे में देखकर दुल्हन भड़क गई और शादी करने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते लड़की और लड़का पक्ष के बीच विवाद होने लगा। नाराज ग्रामीणों ने पूरी बारात को बंधक बना लिया। कई घंटे तक चली पंचायत के बाद मामला शांत हुआ। दूल्हे ने लड़की के घरवालों को 95 हजार दिए। इसके बाद दुल्हन के घरवालों ने बारात को छोड़ा।

जानें पूरा मामला
करनपुर खुजी निवासी अनीश की शादी बक्शीडीह गांव के रहने वाले संजय ने बेटी से तय हुई थी। सोमवार शाम को धूम-धाम से बारात लड़की के दरवाजे पर पहुंची। शराब के नशे में धुत दूल्हा द्वारचार के दौरान हंगामा करने लगा। बाराती और घराती ने दूल्हे को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अनीश किसी की बात सुनने को राजी नहीं हुआ। 

दुल्हन ने तोड़ दी शादी 
दूल्हा हंगामा कर रहा है? यह बात दुल्हन को पता चली तो लड़की ने आकर देखा। दूल्हे को लड़खड़ाकर चलता देख लड़की भड़क गई और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। लड़की के शादी से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। देखते ही देखते हंगामा होने लगा। लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे अनीश, उसके पिता जीतलाल और बारातियों को बंधक बना लिया।

ऐसे हुआ समझौता
बारातियों से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में मंगलवार दोपहर तक पंचायत चली। दूल्हे के परिवार ने लड़की के परिवार को 95 हजार रुपए दिए। इसके बाद दूल्हे और उसके पिता को ग्रामीणों ने छोड़ा। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया था। दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया है। 

Similar News