UP News: नवरात्रि में मंदिरों से गूंजेगी 'मिशन शक्ति' की आवाज, महिला सशक्तिकरण को मिलने की धार

नवरात्रि के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार मंदिरों और शक्तिपीठों में 'मिशन शक्ति' के जरिए महिला सशक्तिकरण का संदेश देगी। धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व सम्मान की प्रेरणा दी जाएगी।

Updated On 2025-09-18 14:51:00 IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए एक नई पहल की है। इस दौरान, प्रदेश के मंदिरों और शक्तिपीठों में आयोजित होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 'मिशन शक्ति' का बड़े पैमाने पर प्रचार किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों, खासकर बेटियों और महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

मंदिरों के माध्यम से जागरूकता अभियान

यह पहली बार है जब सरकार महिलाओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को सीधे धार्मिक आयोजनों से जोड़ रही है। नवरात्रि के दौरान मंदिरों में होने वाले दुर्गा सप्तशती पाठ, सुंदरकांड पाठ, अखंड रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मिशन शक्ति से संबंधित संदेशों का प्रचार किया जाएगा। सरकार का मानना है कि आस्था के केंद्र से दिया गया यह संदेश अधिक प्रभावी होगा।

कलाकारों की भागीदारी और प्रोत्साहन

इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों की मदद ली जाएगी। प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाएगा, जो कार्यक्रमों के लिए योग्य कलाकारों और मंडलियों का चयन करेगी। इन कलाकारों को प्रति कार्यक्रम ₹5,000 का मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा, आयोजन के खर्चों के लिए भी प्रत्येक कार्यक्रम के लिए 5,000 रूपये दिए जाएंगे। कलाकारों का चयन 'Sanskritiup' नाम के एप्लीकेशन के जरिए भी किया जा सकता है, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच मिलेगा।

महिलाओं की भागीदारी पर जोर

इस अभियान की सफलता के लिए सरकार ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है। मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसका मकसद केवल संदेश देना नहीं, बल्कि प्रयास किया गया है कि महिलाएं खुद भी इस अभियान का हिस्सा हैं।

बजट और वित्तीय प्रबंधन

इस अभियान के लिए राज्य सरकार ने प्रत्येक जिले को 1 लाख रुपए की प्रारंभिक राशि जारी करने का निर्णय लिया है। यह राशि कार्यक्रमों के आयोजन और कलाकारों के मानदेय के लिए उपयोग की जाएगी।

नोडल अधिकारी की नियुक्ति

इस पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय के लिए संस्कृति निदेशालय की सहायक निदेशक रेनू रंग भारती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे सुनिश्चित करें कि 'मिशन शक्ति' का प्रचार योजनाबद्ध तरीके से हो और सभी जिलों में कार्यक्रम सुचारू रूप से चलें।

सोर्स: हरिभूमि लखनऊ ब्यूरो

Tags:    

Similar News