उत्तर प्रदेश: आज से चलेंगी कड़ाके की पछुआ हवाएं, 42 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट!

मौसम विभाग ने 42 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट और चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Updated On 2025-12-15 08:37:00 IST

लोगों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मौसम में आज से एक बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलने का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसका सीधा असर दिन और रात के तापमान पर पड़ेगा और ठंड में इजाफा होगा।

इसके साथ ही, प्रदेश के 42 जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चार जिलों के लिए अत्यंत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट भी है, जिससे दृश्यता शून्य तक पहुँच सकती है और जनजीवन प्रभावित होगा।

हवा का रुख बदलने से तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, अब हवा का रुख बदलकर पछुआ हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद इन हवाओं के चलने से प्रदेश भर के तापमान में क्रमशः गिरावट आएगी।

पश्चिमी हवाओं के असर से ठंडक में इजाफा होगा और दिन तथा रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने का अनुमान है, जिससे गलन और ठिठुरन बढ़ेगी।

हालांकि, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने के साथ ही कोहरे का घनापन कुछ कम हो सकता है, लेकिन सुबह-शाम इसका असर बना रहेगा। कुल मिलाकर, पूरे प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

46 जिलों में कोहरे का अलर्ट, यातायात पर पड़ेगा असर

ठंड और कोहरे का प्रकोप प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बना हुआ है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 46 जिलों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर खासा असर पड़ सकता है।

प्रयागराज, मिर्जापुर, आगरा और इटावा सहित आसपास के इलाकों के लिए अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में दृश्यता शून्य मीटर तक पहुँचने की संभावना है। इसके अलावा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, कानपुर नगर, लखनऊ, रायबरेली, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत 42 जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट है, जहाँ दृश्यता 50 मीटर तक सिमट सकती है।

दिन में धूप से मिलेगी थोड़ी राहत

एक तरफ जहा रातें कड़ाके की ठंड और सुबह घना कोहरा लोगों को परेशान कर रहा है, वहीं दिन में निकलने वाली धूप से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट जाएगा और कई स्थानों पर अच्छी धूप खिल सकती है। इससे दिन के अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है, जो लोगों को सर्दी से कुछ हद तक राहत देगी।

हालांकि, सूरज डूबने के साथ ही पारा फिर से नीचे लुढ़क जाएगा और रात के समय गलन भरी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। लोगों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


Tags:    

Similar News