पूर्व तैयारी-पूर्ण तैयारी का मन्त्र: मतदाता पुनरीक्षण के जरिए बूथ स्तर पर अपनी जमीन मजबूत करेगी भाजपा!
भाजपा यूपी में मतदाता पुनरीक्षण अभियान को 2026 के पंचायत और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए आधार बना रही है। 'पूर्व तैयारी-पूर्ण तैयारी' मंत्र के तहत, पार्टी बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर रही है।
इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष भी मौजूद थे।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में प्रदेश स्तर की बैठक संपन्न हुई इसमें प्रदेश के सभी जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया था।
इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष भी मौजूद थे। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को पार्टी 'सेमीफाइनल' मान रही है। भाजपा ने इन चुनावों में निश्चित विजय के लिए कार्यकर्ताओं को 'पूर्व तैयारी-पूर्ण तैयारी' का मंत्र दिया है। इस रणनीति का मुख्य केंद्र बिंदु मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को बनाया गया है। पार्टी का लक्ष्य है कि पंचायत चुनाव के माध्यम से बूथ स्तर पर अपने संगठन को सक्रिय और मजबूत किया जाए, ताकि विधानसभा चुनावों के लिए ज़मीन तैयार हो सके।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान के जरिए घर-घर संपर्क
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए वृहद् मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को भाजपा ने एक बड़े संगठनात्मक अवसर के रूप में लिया है। भाजपा की बूथ कमेटी और बूथ लेवल एजेंट घर-घर जाकर इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी के समर्थक वोटरों के नाम सूची में शामिल हों, और उन मतदाताओं के नाम हटाए जाएं जो अब क्षेत्र में नहीं रहते या जिनका देहांत हो चुका है।
बूथ कमेटी के पास अपने क्षेत्र के एक-एक मतदाता की पूरी मैपिंग और जानकारी होगी, जिससे डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान हो सकेगी। आधार कार्ड के सत्यापन को अनिवार्य किए जाने से फर्जी वोटिंग की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी, जिसका भाजपा समर्थन कर रही है।
पंचायत चुनाव 2026-विधानसभा 2027 की आधारशिला
भाजपा की रणनीति स्पष्ट है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य चुनाव को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की आधारशिला बनाया जाएगा। पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का प्रभाव बढ़ेगा, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर चुनावी रणनीति बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का मौका भी मिलेगा।
पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और विद्यालयों के साथ-साथ घर-घर संपर्क की रणनीति पर काम करते हुए, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लेखा-जोखा जनता तक पहुचाने का आह्वान किया है।
बूथ जीतना ही सत्ता वापसी का फार्मूला
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी लखनऊ कार्यालय में हुई बैठक में पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए 'प्रत्येक बूथ जीतना' ही एकमात्र फार्मूला है। मतदाता पुनरीक्षण के माध्यम से शुद्ध और त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग देकर, पार्टी बूथ स्तर पर अपने समर्थकों को संगठित करेगी और नए मतदाताओं को जोड़ेगी।
भाजपा का यह अभियान केवल नाम जोड़ने या हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपर्क, संवाद, समन्वय और समीक्षा के आधार पर संगठन को मजबूती देने की एक व्यापक रणनीति है। इस गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 के बीच घर-घर सर्वे किया जाएगा, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।