Rajasthan Weather Alert: अलवर में 20 मीटर तो श्रीगंगानगर में 5 मीटर विजिबिलिटी, जानिए- अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में आज भी सुबह के समय कोहरा छा सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

Updated On 2025-12-15 09:22:00 IST

हरियाणा में छाया सीजन का पहला घना कोहरा। 

राजस्थान में सोमवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। अलवर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर समेत कई जिलों में सुबह से ही कोहरा छाया रहा। हालात इतने खराब रहे कि अलवर में विजिबिलिटी 20 मीटर और श्रीगंगानगर में महज 5 मीटर तक सिमट गई। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को रास्ता ढूंढने में भारी परेशानी हुई।

कोहरे के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, जब जयपुर से श्रीगंगानगर जा रही एक बस सादुलशहर की सड़क पर भटक गई। हालांकि ड्राइवर की सतर्कता से बस को समय रहते वापस मोड़ लिया गया और यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

पश्चिमी विक्षोभ का असर हुआ कमजोर

रविवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ गया। इसके चलते बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। बादलों की मौजूदगी से दिन के तापमान में गिरावट आई, जबकि उत्तरी हवाएं कमजोर होने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले 5 दिन मौसम शुष्क (ड्राय) रहने की संभावना है।

दिन के तापमान में गिरावट

बीते 24 घंटों में हल्के बादलों के कारण धूप कमजोर रही, जिससे कई शहरों में अधिकतम तापमान नीचे आया।

जैसलमेर: 26°C (3 डिग्री की गिरावट)

बाड़मेर: 29.4°C

जोधपुर: 30.5°C

बीकानेर: 29°C

श्रीगंगानगर: 24.5°C

जयपुर, अजमेर: 26.8°C

अलवर: 25°C

रात की सर्दी से थोड़ी राहत

बादल छाने और ठंडी हवाएं कमजोर पड़ने से शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

फतेहपुर: 7.5°C

सीकर: 9°C

पिलानी: 9.6°C

चूरू: 9.8°C

इसके अलावा करौली, दौसा, नागौर, अलवर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में भी न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई।

आज भी कोहरे की संभावना

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में आज भी सुबह के समय कोहरा छा सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

Tags:    

Similar News