पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन, कैंसर से हारी जंग
राजस्थान की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और थानागाजी से दो बार विधायक रहे हेम सिंह भड़ाना का सोमवार सुबह करीब 7 बजे निधन हो गया।
राजस्थान की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और थानागाजी से दो बार विधायक रहे हेम सिंह भड़ाना का सोमवार सुबह करीब 7 बजे निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे और पिछले करीब पांच महीनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से अलवर जिले सहित पूरे थानागाजी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार हेम सिंह भड़ाना का अंतिम संस्कार दोपहर 12 बजे उनके पैतृक गांव किशनगढ़बास के बघेरी में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थकों और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है।
छात्र राजनीति से अपने सियासी सफर की शुरुआत करने वाले हेम सिंह भड़ाना दो बार भारतीय जनता पार्टी से थानागाजी (अलवर) विधानसभा सीट के विधायक रहे। दूसरी बार विधायक बनने के बाद उन्हें वसुंधरा राजे सरकार में पहले राज्य मंत्री और बाद में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। राजनीति में उनकी पहचान साफगोई और बेबाक बयानों के लिए रही।
हेम सिंह भड़ाना का अपने विधानसभा क्षेत्र थानागाजी के लोगों से गहरा जुड़ाव था। अलवर शहर के वीर सावरकर नगर में निवास करने के बावजूद वे रोजाना थानागाजी क्षेत्र जाकर आमजन से मिलते थे और उनकी समस्याएं सुनते थे। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चलने के बाद भी उन्होंने जनसंपर्क नहीं छोड़ा और लगातार लोगों से संवाद बनाए रखा।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस प्रत्याशी कांति प्रसाद से बेहद कम मतों के अंतर से पराजित हुए थे। पार्टी के अलवर जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मीनारायण के अनुसार, पूर्व मंत्री का निधन एक निजी अस्पताल में हुआ। उनके निधन के चलते पार्टी ने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।