Jaipur Accident News: तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार मजदूरों को कुचला, एक की मौके पर मौत
राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में क्रॉस मॉल के पास मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने साइकिल से जा रहे मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में क्रॉस मॉल के पास मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने साइकिल से जा रहे मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
कैटरिंग का काम कर लौट रहे थे मजदूर
पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल मजदूर मैरिज गार्डन में कैटरिंग का काम खत्म कर साइकिलों से जालूपुरा स्थित अपने किराए के मकान लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई कार ने अचानक तीन साइकिल सवारों को चपेट में ले लिया।
अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने देवत्त बेहरा उर्फ टप्पू (45), निवासी बालेश्वर (ओडिशा) को मृत घोषित कर दिया। घायल संग्राम और अमूल्य पात्र को प्राथमिक उपचार के बाद कांवटिया और एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
CCTV से आरोपी की तलाश
थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि हादसे के समय करीब 18 से 20 कैटरिंग वर्कर साइकिलों से जालूपुरा लौट रहे थे। सभी मजदूर दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। हादसे में साइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध कार के नंबर मिले हैं, जिनके आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में ठेकेदार से भी पूछताछ की जा रही है।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आक्रोश जताया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत, एसीपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश कर शांत कराया। हादसे में कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन वे अस्पताल नहीं गए।