New Chief Secretary Rajasthan: राजस्थान के नए मुख्य सचिव बने वी श्रीनिवास, कार्मिक विभाग ने जारी किए आदेश, कल लेंगे चार्ज

मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के बाद अब राजस्थान में बड़े प्रशासनिक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में कई विभागों में तबादले और जिम्मेदारियों में फेरबदल देखने को मिल सकता है।

Updated On 2025-11-16 10:54:00 IST

Rajasthan Chief Secretary

राजस्थान सरकार ने आखिरकार नए मुख्य सचिव के नाम पर मुहर लगा दी है। 1989 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी वी श्रीनिवास को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक विभाग ने रविवार को उनके नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। सुधांश पंत के केंद्रीय मंत्रालय में रिलीव होते ही 17 नवंबर को श्रीनिवास पदभार संभालेंगे।

केंद्र से सीधे लौटे, सात साल बाद राज्य में वापसी

वी श्रीनिवास पिछले 7 साल से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। उन्हें 14 नवंबर की शाम को ही केंद्र सरकार ने राजस्थान के लिए रिलीव कर दिया। इससे पहले वे केंद्रीय प्रशासनिक सुधार, लोक शिकायत, पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के सचिव के पद पर थे।

सितंबर 2026 तक रहेंगे पद पर, एक्सटेंशन भी संभव

श्रीनिवास सितंबर 2026 में रिटायर होंगे। ऐसे में मुख्य सचिव के रूप में उनका कार्यकाल लगभग 10 महीने का रहेगा। हालांकि जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार दो बार छह-छह महीने का एक्सटेंशन भी दे सकती है,जैसा कई CS को पहले भी मिल चुका है।

सीनियरिटी में सिर्फ एक अफसर को लांघा

मुख्य सचिव की नियुक्ति में सिर्फ एक अफसर – सुबोध अग्रवाल (1988 बैच) – से सीनियरिटी आगे निकली है। अग्रवाल दिसंबर 2025 में रिटायर हो रहे हैं और वर्तमान में RFC चेयरमैन हैं। 1989 बैच में दो IAS हैं – वी श्रीनिवास और शुभ्रा सिंह। शुभ्रा सिंह फिलहाल रोडवेज चेयरमैन हैं और सचिवालय से बाहर हैं। इस नियुक्ति के बाद किसी सीनियर अफसर को सचिवालय से बाहर भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सीएम से मुलाकात के बाद तेजी

गुरुवार को श्रीनिवास ने दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की थी। उसके अगले ही दिन केंद्र ने उन्हें रिलीव कर दिया। राज्य सरकार द्वारा भेजी गई फाइल को तुरंत मंजूरी मिल गई और उनकी सेवाएं राजस्थान को लौटा दी गईं।

चौंकाने वाला करियर ग्राफ

वी श्रीनिवास की सर्विस का बड़ा हिस्सा दिल्ली या विदेश में बीता है।

  1. कुल सर्विस: 35 साल
  2. सेंट्रल डेपुटेशन: 17 साल
  3. IMF, वॉशिंगटन में सेवाएं: 3 साल
  4. दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालयों में सेवाएं: 14 साल

बड़े-बड़े पदों पर रहे

  1. पूर्व विदेश व वित्त मंत्री जसवंत सिंह के निजी सचिव
  2. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत के ED के तकनीकी सहायक
  3. केंद्र सरकार के कई मंत्रालयों में अहम जिम्मेदारियां

राजस्थान में कलेक्टर के रूप में भी दमदार कार्यकाल

  1. भीलवाड़ा और निंबाहेड़ा में SDO के रूप में शुरुआत
  2. 1997–1999: पाली कलेक्टर
  3. 1999: जोधपुर कलेक्टर
  4. वित्त विभाग में उपसचिव
  5. जलग्रहण विकास एवं मृदा संरक्षण विभाग के निदेशक

परिवारिक प्रोफाइल 

वी श्रीनिवास की पत्नी, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की रिश्ते में दोहिती हैं। यानी वे राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों नजरियों से बेहद मजबूत पृष्ठभूमि रखते हैं।

प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी

मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के बाद अब राजस्थान में बड़े प्रशासनिक बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में कई विभागों में तबादले और जिम्मेदारियों में फेरबदल देखने को मिल सकता है।

Tags:    

Similar News