Good News: जैसलमेर से बेंगलुरु के लिए सीधी फ्लाइट, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इंडिगो 26 अक्टूबर 2025 से जैसलमेर और बेंगलुरु के बीच नई सीधी उड़ान शुरू कर रहा है, जिससे पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
इंडिगो फ्लाइट
Jaisalmer Bengaluru direct flight: राजस्थान वालों के लिए अच्छी खबर है। पर्यटन नगरी जैसलमेर अब सीधे देश के प्रमुख आईटी हब बेंगलुरु से हवाई मार्ग के जरिए जुड़ने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने 26 अक्टूबर 2025 से दोनों शहरों के बीच नई सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह उड़ान सेवा प्रतिदिन संचालित होगी, जिससे न केवल पर्यटकों बल्कि व्यापारिक यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
क्या रहेगा शेड्यूल
इंडिगो की नई उड़ान संख्या 6E-6837 बेंगलुरु से दोपहर 1:05 बजे रवाना होकर जैसलमेर शाम 4:00 बजे पहुंचेगी। वापसी में उड़ान संख्या 6E-6838 जैसलमेर से शाम 4:35 बजे उड़ान भरकर बेंगलुरु रात 7:20 बजे पहुंचेगी। इन दोनों उड़ानों के संचालन में एयरबस A320 विमान का उपयोग किया जाएगा।
बेंगलुरु से मिलेगी सीधी कनेक्टविटी
स्थानीय टूर ऑपरेटर और भाटिया हॉलीडेज के प्रतिनिधि अखिल भाटिया ने इस उड़ान को जैसलमेर के पर्यटन विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, "यह सेवा दक्षिण भारत के पर्यटकों के लिए जैसलमेर तक पहुंचना बेहद आसान बना देगी। वहीं, स्थानीय नागरिकों को भी बेंगलुरु जैसे महानगर से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।"
1 अक्टूबर से दिल्ली के लिए भरेगी उड़ान
इस नई उड़ान के साथ जैसलमेर एयर कनेक्टिविटी के मामले में तेजी से विस्तार कर रहा है। 1 अक्टूबर से जैसलमेर और दिल्ली के बीच उड़ानें शुरू हो रही हैं, वहीं 26 अक्टूबर से मुंबई और जयपुर के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू होंगी। बेंगलुरु को इस सूची में शामिल किए जाने से अब जैसलमेर सीधे दक्षिण भारत से जुड़ जाएगा। पर्यटन और व्यापार दोनों क्षेत्रों के विशेषज्ञों का मानना है कि इन उड़ानों से जैसलमेर को देशभर के यात्रियों से बेहतर संपर्क मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।