Jaipur to Hisar Direct Flight: जयपुर से हिसार का सफर अब सिर्फ 1 घंटे में होगा पूरा, आज से शुरू हुई हवाई सेवा

जयपुर और हिसार के बीच सीधी फ्लाइट सेवा की शुरुआत 12 सितंबर से हो गई है, अब हवाई यात्रा से सिर्फ 1 घंटे में पहुंचे।

Updated On 2025-09-12 12:38:00 IST
एलायंस एयर की फ्लाइट

Jaipur to Hisar Direct Flight: राजस्थान से हरियाणा और वापस राजस्थान जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। टूरिज्म सीजन की शुरुआत से पहले यात्रियों को एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अलायंस एयर ने जयपुर और हरियाणा के हिसार के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू कर दी है। यह फ्लाइट सप्ताह में एक दिन हर शुक्रवार चलाई जाएगी।

जयपुर-हिसार एक घंटे में तय होगा सफर

जयपुर से यह फ्लाइट सुबह 11:10 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी। वापसी में हिसार से शाम 4:35 बजे रवाना होकर शाम 6:40 बजे जयपुर पहुंचेगी। सड़क मार्ग से जहां यह दूरी तय करने में लगभग 5 घंटे लगते हैं, वहीं अब हवाई यात्रा से यह सफर महज एक घंटे में पूरा हो सकेगा। टिकट की कीमत करीब 2300 रुपये रखी गई है।

पर्यटन सीजन को देखते हुए तैयारियां तेज

राज्य में पर्यटन सीजन के आगमन के साथ ही हवाई सेवाओं का विस्तार और यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जयपुर-हिसार के बीच सीधी फ्लाइट की शुरुआत इसी दिशा में एक कदम है, जिससे दोनों शहरों के बीच न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा

वहीं शुक्रवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब स्पाइसजेट की पुणे जाने वाली फ्लाइट SG-1077 तकनीकी कारणों से समय पर उड़ान नहीं भर सकी। यह फ्लाइट सुबह 5:05 बजे रवाना होनी थी, लेकिन अंतिम क्षणों में उड़ान को रोक दिया गया।

यात्रियों को इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बढ़ती असुविधा और यात्रियों की नाराजगी के बीच आखिरकार एयरलाइन ने तकनीकी खामी को दूर कर सुबह 6:35 बजे फ्लाइट को रवाना किया।

Tags:    

Similar News