Ravindra Chavan: रवींद्र चव्हाण बने महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष, जानें कौन हैं

बीजेपी नेता रवींद्र चव्हाण को महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एमएमआर चुनावों से पहले यह अहम फैसला माना जा रहा है। जानिए उनके राजनीतिक सफर और ताकत के बारे में।

Updated On 2025-07-01 19:24:00 IST

भाजपा ने रवींद्र चव्हाण को महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।

Ravindra Chavan Maharashtra BJP President: महाराष्ट्र बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और डोंबिवली से चार बार विधायक रह चुके रवींद्र चव्हाण को राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह ऐलान मंगलवार को केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मुंबई स्थित बीजेपी कार्यालय में किया।

किरण रिजिजू को इस नियुक्ति के लिए बीजेपी ने केंद्रीय पर्यवेक्षक और चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। चव्हाण को सर्वसम्मति से चुना गया, इस मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।

MMR चुनावों से पहले अहम रणनीतिक कदम

रवींद्र चव्हाण की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में ठाणे, कल्याण-डोंबिवली जैसे नगर निगमों के चुनाव इसी साल होने वाले हैं। चव्हाण की संगठनात्मक क्षमता और जमीनी पकड़ को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें कमान सौंपी है, ताकि शिवसेना के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में भाजपा को मजबूती मिल सके।

फडणवीस के करीबी

चव्हाण को देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है। वे ठाणे जिले में बीजेपी का प्रमुख मराठा चेहरा हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने डोंबिवली सीट से 77,000 से अधिक वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

RSS से शुरुआत, युवा मोर्चा से लेकर मंत्री पद तक का सफर

रवींद्र चव्हाण की राजनीतिक यात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से हुई थी। वे 2002 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने। इसके बाद 2005 में नगरसेवक, 2007 में स्थायी समिति अध्यक्ष, और 2009 में पहली बार विधायक बने। 2016 में उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया और शिंदे सरकार में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) का कार्यभार भी संभाला।

कोंकण में बीजेपी को मजबूत करने में बड़ी भूमिका

चव्हाण को कोंकण क्षेत्र का संरक्षक मंत्री भी बनाया गया था। उन्होंने वहां संगठन को मज़बूती दी, जिसका असर 2024 विधानसभा चुनावों में दिखा, जहां बीजेपी ने 39 में से 35 सीटें जीत लीं।

सावरकर विचारधारा के समर्थक

चव्हाण खुद को वीर सावरकर का अनुयायी मानते हैं और उनकी विचारधारा को बढ़ावा देने के कई अभियान चला चुके हैं। साथ ही वे अखिल भारतीय कर्मचारी और मज़दूर संघ (AIWEU) के अध्यक्ष भी हैं, जिससे उनकी जमीनी स्तर पर मज़दूरों से भी गहरी पकड़ है।

कांग्रेस के बड़े नेता को भाजपा में शामिल कराया

चव्हाण की नियुक्ति के दिन ही एक और बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिली। पूर्व कांग्रेस विधायक कुनाल पाटिल ने उनके सामने भाजपा की सदस्यता ली, जो बताता है कि चव्हाण की क्रॉस-पार्टी पकड़ भी मजबूत है।

बीजेपी ने रवींद्र चव्हाण को महाराष्ट्र की कमान सौंपकर साफ संकेत दे दिया है कि वह MMR चुनावों और 2029 की तैयारी अभी से शुरू कर चुकी है। RSS की पृष्ठभूमि, देवेंद्र फडणवीस का समर्थन और जमीनी पकड़ उन्हें पार्टी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम बनाते हैं।

Tags:    

Similar News