पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा: 4 की मौत..18 लापता; 41 लोगों का रेस्क्यू; मोदी-अमित शाह ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

पुणे के पास इंद्रायणी नदी पर बना पुल रविवार को अचानक टूट गया, जिससे 20-25 पर्यटक तेज बहाव में बह गए। हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है। बचाय कार्य जारी है।

Updated On 2025-06-16 08:35:00 IST

पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल रविवार को अचानक टूट गया, जिससे 20-25 पर्यटक तेज बहाव में बह गए।

Pune Indrayani river bridge accident: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पुणे जिले के मावल तालुका स्थित इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल ढह गया। हादसा उस वक्त हुआ जब पुल पर भारी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि 25 से 30 लोग पुल टूटने के कारण नदी के तेज बहाव में बह गए। यह घटना प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुंदमाला में हुई, जो तालेगांव दाभाड़े कस्बे के पास स्थित है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। संडे होने के कारण इलाके में पर्यटकों की भारी भीड़ थी। स्थानीय लोग, पुलिस और आपदा राहत बल (SDRF) मौके पर पहुंच चुके हैं और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

बताया जा रहा है कि पुल काफी पुराना और जर्जर था। बीते दो दिनों से मावल क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है, जिससे इंद्रायणी नदी का जलस्तर काफी बढ़ चुका था। कई पर्यटक इस पुराने पुल पर खड़े थे, तभी अचानक पुल भरभराकर गिर गया और कई लोग नदी में गिरकर बह गए।

फिलहाल डूबे लोगों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन मौके पर मौजूद एजेंसियों ने 15 से 20 लोगों के बहने की आशंका जताई है। SDRF की टीमें नाव और लाइफ जैकेट्स के साथ रेस्क्यू में लगी हुई हैं। इस दर्दनाक हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Live Updates
2025-06-15 22:04 IST

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवारों के लिए 5-5 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया।

2025-06-15 21:46 IST

पुल टूटने और नदी में डूबने से अबतक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। शुरुआत में यह आंकड़ा 2 था। इस हादसे में 18 घायल हैं और 41 लोगों को बचा लिया गया है।

2025-06-15 20:58 IST

पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की और घटना की जानकारी ली।

शाह ने एक्स पर लिखा, ''पुणे के तलेगांव में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस से बात की और जमीनी हालात के बारे में जानकारी ली। आस-पास तैनात NDRF की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं, बचाव अभियान में शामिल हुईं और उल्लेखनीय तत्परता से कई लोगों की जान बचाई। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''



2025-06-15 20:51 IST

विधायक सुनील शेलके ने पहले दावा किया था कि हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि सीएम देवेंद्र फडणवीस और पुणे जोन 2 के DCP ने 2 लोगों की मौत की पुष्टि की है। NDRF की टीमों ने 6 लोगों का रेस्क्यू किया है।

2025-06-15 17:33 IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने 2 पर्यटकों के मौत की पुष्टि की है। जबकि, 6 लोगों को बचाया गया है।

2025-06-15 17:32 IST

हादसे के वक्त पुल पर लगभग 125 पर्यटक मौजूद थे। इस हादसे में 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जबकि नदी में 20 से 25 लोगों के बहटने की आशंका है।

Tags:    

Similar News