Rewa to Delhi Flight: 10 नवंबर से शुरू होगी रीवा से दिल्ली के लिए हवाई सेवा, CM मोहन यादव करेंगे रवाना; डिप्टी CM ने दी जानकारी

रीवा से दिल्ली के लिए 72 सीटर एलायंस एयर की सीधी उड़ान 10 नवंबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नायडू रीवा एयरपोर्ट से विमान को रवाना करेंगे।

Updated On 2025-11-06 19:11:00 IST

रीवा से दिल्ली के लिए 72 सीटर विमान की उड़ान 10 नवंबर से, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

रीवा (मध्यप्रदेश)। विन्ध्यवासियों के लंबे इंतजार का अंत अब होने जा रहा है। रीवा से दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवा 10 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू रीवा एयरपोर्ट से एलायंस एयर के एटीआर-72 विमान को दोपहर 12 बजे रवाना करेंगे।

विन्ध्य क्षेत्र को मिलेगी नई उड़ान

रीवा, विन्ध्य और आसपास के जिलों के लोगों के लिए यह ऐतिहासिक क्षण होगा। अब क्षेत्र के नागरिकों को दिल्ली तक पहुंचने के लिए लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। 72 सीटर विमान की इस सेवा से रीवा, सतना, सिंगरौली, सीधी और उत्तरप्रदेश की सीमावर्ती जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

एयरपोर्ट तैयारियों की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुभारंभ समारोह सुबह 11 बजे रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित होगा। मंच व्यवस्था से लेकर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं तक सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

राजेन्द्र शुक्ल ने कहा, “यह उड़ान केवल एक वायुसेवा नहीं, बल्कि विन्ध्य के विकास की नई दिशा है। रीवा एयरपोर्ट इस पूरे क्षेत्र की आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय लिखेगा।”

फ्लाइट टाइमिंग और संचालन शेड्यूल

एलायंस एयर के प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल और यशवर्धन सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को विमान 12:10 बजे रीवा से दिल्ली के लिए रवाना होगा। इसके बाद 11 नवंबर से सप्ताह में तीन दिन इस विमान का नियमित संचालन होगा।

इंदौर के लिए भी जल्द उड़ान

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बताया कि रीवा से इंदौर के बीच वायुसेवा भी जल्द शुरू होने वाली है। इससे रीवा संभाग को राज्य के अन्य हिस्सों से और बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा।

बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में आयुक्त बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News