पीएम मोदी का 31 मई को भोपाल दौरा: विश्वास सारंग बोले- महिला सशक्तीकरण को मिलेगा नया आयाम

Bhopal: ऑपरेशन सिंदूर की सफल सैन्य कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को पहली बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं।

Updated On 2025-05-24 22:20:00 IST
Vishwas Sarang

Bhopal: ऑपरेशन सिंदूर की सफल सैन्य कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को पहली बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। इस अवसर पर वे राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित महिला सशक्तीकरण पर केंद्रित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्य सरकार इस दौरे को ऐतिहासिक मान रही है, और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर खुशी जताई और कहा कि इससे प्रदेश की महिलाओं और आम जनता को केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम मां अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में महिला सशक्तीकरण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया था और यह कार्यक्रम उन्हीं को समर्पित रहेगा।

मंत्री सारंग ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने देश में महिला सशक्तीकरण को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर सुदृढ़ किया है। स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम एक नई प्रेरणा बनेगा।"

उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन में महिलाओं द्वारा संचालित स्वसहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी रहेगी और यह पूरी व्यवस्था भी महिलाएं ही संभालेंगी। इससे न केवल महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि उनके परिवार भी सशक्त होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं की चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद को समय पर और उचित इलाज मिल सके। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना और पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं। “हमारा प्रयास है कि कोई भी नागरिक इलाज के अभाव में परेशान न हो,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर भोपाल के जंबूरी मैदान में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। प्रशासन और पार्टी संगठन दोनों इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रभावशाली बनाने के लिए जुटे हुए हैं।

Tags:    

Similar News

नर्मदापुरम में सड़क हादसा: पिपरिया जा रही बस पलटी, 11 से ज्यादा यात्री घायल

युवा दिवस पर सीएम मोहन यादव का संदेश: कहा- जंक फूड छोड़ें, रोज योग करें और नशे से दूर रहें युवा