हिल स्टेशन पचमढ़ी की होटल में ब्लास्ट, एक ही फैमिली के चार पर्यटक घायल
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक होटल में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया।
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक होटल में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। इस हादसे में महाराष्ट्र के बुलढाना से आए एक ही परिवार के चार पर्यटक और होटल का एक कुक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
LPG सिलेंडर में हुआ विस्फोट
यह घटना पचमढ़ी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सिनेरिटी होटल में सुबह करीब 8:30 बजे एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। धमाके के बाद होटल में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर होटल में ठहरे पर्यटक और कुक झुलस गए। होटल का कुक आग में बुरी तरह झुलस गया है, जबकि पर्यटकों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
20 मीटर दूर तक महसूस हुआ धमाके का असर
धमाका इतना जबरदस्त था कि होटल से करीब 20 मीटर दूर स्थित पांडव रिट्रीट तक इसका असर देखने को मिला। विस्फोट में होटल को भारी नुकसान पहुंचा है। होटल के कमरों और किचन एरिया में तोड़फोड़ हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
किराये पर चल रहा था होटल, कमर्शियल सिलेंडर बरामद
जानकारी के अनुसार, सिनेरिटी होटल किराये पर संचालित किया जा रहा था। होटल का मालिक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव शर्मा हैं। वहीं होटल का संचालन कांग्रेस नेता के भाई तुषार जायसवाल द्वारा किया जा रहा था। पुलिस को मौके से एक कमर्शियल LPG सिलेंडर भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडर में लीकेज या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ।