MP Weather Alert: एमपी में अगले 3 दिन मावठे की बारिश की संभावना, 25 जिलों में ठंड और कोहरे अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राज्य में अगले तीन दिनों तक मावठे की बारिश का असर देखने को मिलेगा।
MP Weather Update
मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राज्य में अगले तीन दिनों तक मावठे की बारिश का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने सोमवार को ग्वालियर, रीवा, सागर समेत प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रहा, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ गया है।
रविवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। नीमच और मंदसौर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि ग्वालियर, धार, मुरैना और उज्जैन समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम में इस बदलाव से किसानों के साथ-साथ आम लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।
सोमवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश होने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन और सीहोर समेत कई जिलों में कोहरे का असर देखा जा सकता है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम
3 फरवरी को ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ-साथ बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। 4 फरवरी को भी ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 5 फरवरी को बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है।