MP Crime News: बदमाशों ने किसान को बनाया बंधक, लाखों के जेवरात ले भागे, पुलिस जांच में जुटी

जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसकी एक और सनसनीखेज मिसाल बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव में देखने को मिली है।

Updated On 2026-02-01 11:25:00 IST

जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसकी एक और सनसनीखेज मिसाल बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम धनगांव में देखने को मिली है। यहां हथियारों से लैस 5 से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, किसान ओमप्रकाश केवट के घर देर रात बदमाशों ने धावा बोला। सभी आरोपी बंदूक और चाकू जैसे घातक हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने किसान ओमप्रकाश और उनकी पत्नी को हथियारों की नोक पर ले लिया। इसके बाद दोनों के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वे किसी तरह का शोर न मचा सकें।

करीब आधे घंटे तक बदमाशों ने घर में आतंक मचाया। अलमारियों और संदूकों को खंगालते हुए उन्होंने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिना किसी डर के मौके से फरार हो गए।

बदमाशों के जाने के बाद किसान दंपति ने कड़ी मशक्कत कर खुद को बंधन से मुक्त किया और तुरंत बुढार थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पुलिसकर्मियों पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में बंधक बनाकर लूट जैसी वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अपराधियों को पुलिस का खौफ क्यों नहीं रह गया है।

Tags:    

Similar News