इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, MD के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने लक्ष्मीबाई नगर मेन रोड स्थित मालवा रेडीमेड क्लस्टर के सामने से दो ड्रग तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

Updated On 2026-02-02 11:48:00 IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने लक्ष्मीबाई नगर मेन रोड स्थित मालवा रेडीमेड क्लस्टर के सामने से दो ड्रग तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से खतरनाक मादक पदार्थ MD (मेफेड्रोन) बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी जा रही है।

बाइक की सीट में छुपाकर ला रहे थे MD

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे की खेप को बड़ी चालाकी से होंडा दोपहिया वाहन की सीट के अंदर छुपाकर ले जा रहे थे। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमललाल मेघवाल और नरेंद्रलाल मेघवाल, निवासी झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।

मजदूर और दुकानदार निकले तस्कर

पुलिस के मुताबिक, कमललाल मजदूरी करता है और केवल दूसरी कक्षा तक पढ़ा-लिखा है, जबकि नरेंद्रलाल दसवीं पास है और दुकान चलाता है। चौंकाने वाली बात यह है कि कमललाल के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 31.86 ग्राम MD ड्रग्स, एक दोपहिया वाहन,दो वीवो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

सस्ते में खरीद, महंगे में बेचने की फिराक

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सस्ते दामों में MD खरीदकर इंदौर में नशे के आदी युवाओं को महंगे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे, ताकि मोटा अवैध मुनाफा कमा सकें।

NDPS एक्ट में केस, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस इस मामले में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि MD की यह खेप कहां से लाई गई थी, इंदौर में किन-किन लोगों तक सप्लाई होनी थी। इसके पीछे कौन सा बड़ा ड्रग नेटवर्क सक्रिय है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।

Tags:    

Similar News