भोपाल रेप केस: 11वीं की छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, धर्म परिवर्तन का दबाव; आरोपी गिरफ्तार
भोपाल रेप केस में 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म कर आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाया और 1 लाख रुपये की मांग की। पॉक्सो व रेप एक्ट में केस दर्ज।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल (bhopal) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म कर आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाया और फिर एक लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पीड़िता की दोस्त से मिलने स्कूल जाता था। तभी उसने पीड़िता को भी अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी के द्वारा अश्लील वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को दिखाए जाने की बात भी सामने आई है।
पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज (Bhopal Rape Case)
इस केस में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि, आरोपी ने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी डाला। इस बात की शिकायत खुद पीड़िता ने पुलिस के सामने की है। पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी के मोबाईल की जांच की जा रही है।
खानूगांव के सुनसान इलाले में दुष्कर्म (Bhopal Rape Case) :
मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शुक्ला के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को घुमाने के बहाने बुलाया था। इसके बाद वह पीड़िता को कार में लेकर खानूगांव के सुनसान इलाले में गया। यहां सड़क किनारे कार लगाकर आरोपी ने पीड़िता से दुष्कर्म किया और इसका वीडियो भी बनाया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया।
आरोपी ने पीड़िता से एक लाख रुपए की मांग की थी। बदनामी के डर से पीड़िता ने 40 हजार रुपए इकट्ठा करके दिए। 60 हजार रुपए की और मांग करने पर पीड़िता ने आरोपी को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद ही आरोपी ने अश्लील वीडियो अपने दोस्तों को दिखा दिया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि, आरोपी द्वारा उससे कई बार जबरन धार्मिक दुआएं भी पढ़वाई गईं। आरोपी द्वारा पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने और नमाज पढ़ने का दबाव भी बनाया जाता था। टीआई के अनुसार अब तक एक ही लड़की ने यह आरोप लगाए हैं। आरोपी का बैकग्राउंड खंगाला जा रहा है।
रिपोर्ट- गुरजीत कौर