मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खुशखबरी: MP में जल्द शुरू होंगे 3 नए मेडिकल कॉलेज, इतनी सीटों पर मिलेगा एडमिशन
मध्यप्रदेश के मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। मंदसौर, नीमच और सिवनी में सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे। 3 नए मेडिकल कॉलेजों के खुलते ही MP में सरकारी कोटे की MBBS की सीटें बढ़कर 2,425 हो जाएंगी।
Medical Education: मध्यप्रदेश के मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। इसी सत्र 2024-25 में MP में 3 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहे हैं। मंदसौर, नीमच और सिवनी में शुरू होने वाले मेडिकल कॉलेजों में 50-50 सीटों पर मेडिकल स्टूडेंट्स को एडमिशन मिलेगा। नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) ने तीनों कॉलेजों के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसी सत्र से एमपी में एमबीबीएस की 150 सीटें बढ़ जाएंगी। अब प्रदेश में सरकारी कोटे की एमबीबीएस की कुल 2,425 सीटें हो जाएंगी। निजी कॉलेजों की सीटें मिलकर एमपी में कुल 5125 सीटों पर छात्र डॉक्टरी की पढ़ाई कर सकते हैं।
448 पदों पर हो चुकी भर्ती
जानकारी के मुताबिक, सिंगरौली और श्योपुर कॉलेज के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। संभवत: दो नए मेडिकल कॉलेज अगले सत्र से शुरू हो जाएंगे। सिवनी, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली और श्योपुर मेडिकल कॉलेजों के लिए 448 पदों पर भर्ती हो चुकी है। सभी कॉलेजों के लिए डीन भी नियुक्त हो चुके हैं। पाचों कॉलेजों में 69 प्रोफेसर, 146 एसोसिएट प्रोफेसर, 233 असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त हो चुके हैं।
जानें एमपी के किस सरकारी मेडिकल कॉलेज में कितनी सीटें
| मेडिकल कॉलेज | सीटें |
| अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(भोपाल) | 125 |
| बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज(सागर) | 125 |
| गजराराजा मेडिकल कॉलेज, ग्वालियर | 200 |
| गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल | 250 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज, छिंदवाड़ा | 100 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज, दतिया | 120 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज खंडवा | 120 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम | 180 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज शहडोल | 100 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी | 100 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज, विदिशा | 180 |
| शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना | 150 |
| एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर | 250 |
| नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज | 180 |
| श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा | 150 |