Ladli Behna Yojana: लाडली बहनों के खाते में आने वाली है खुशियों की 18वीं किस्त; CM मोहन यादव इंदौर से ट्रांसफर करेंगे 1574 करोड़ रुपए

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की 1.29 करोड़ लाडली बहनाओं को अब 18वीं किस्त (Ladli Behna Yojana Installment) का इंतजार खत्म हो गया है। शनिवार(9 नवंबर) को सीएम मोहन 1250 रूपए इंदौर से अंतरित करेंगे।

Updated On 2024-11-08 19:56:00 IST
Ladli Behna Yojana

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाडली बहनों को 1250 रुपए की नवंबर माह की किश्त दूसरे शनिवार को मिलने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 नवम्बर को इंदौर से 1.29 करोड़ लाडली बहनों के खाते में 1574 करोड़ रुपए अंतरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि लाडली बहना योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को जून 2023 से अक्टूबर 2024 तक मासिक आर्थिक सहायता राशि की कुल 17 किश्तों का अंतरण किया गया है। 

इसके अतिरिक्त माह अगस्त 2023 एवं 2024 में (कुल 2 बार) लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपए की राशि की विशेष आर्थिक सहायता का भी अंतरण किया गया।

18 हजार 984 करोड़ रुपए देने का प्रावधान
मध्य प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 का संचालन किया जा रहा है। यह योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना के तहत लगभग 18 हजार 984 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है।

प्रदेश की सबसे बड़ी डीबीटी योजना में शामिल
लाडली बहना योजना प्रदेश की सबसे बड़ी डीबीटी योजना में शामिल है। योजना के वृहद स्वरूप ने प्रदेश की महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण में महती भूमिका निभाई है। इस योजना से न केवल महिलाओं ने अपनी छोटी-छोटी वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा किया है बल्कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिये महिलाएं बैंकिंग प्रणाली से सीधे परिचित हुई हैं। इससे परिवार के निर्णयों में भी उनकी भूमिका बड़ी है और सामाजिक रूप से महिलाओं के सम्मान में वृद्धि हुई है।

मोहान यादव कितनी बार जारी कर चुके हैं किस्त?
सीएम मोहन यादव ने 10 जनवरी 2024 में पहली बार 1.29 करोड़ महिलाओं के खातों में लाडली बहना योजना की राशि ट्रांसफर की थी। तब से अब तक जनवरी से लेकर अक्टूबर 2024 तक 10 बार महिलाएं इस योजना का लाभ उठा चुकी हैं।

5 बार 10 तारीख से पहले मिला तोहफा
बता दें कि, मोहन सरकार ने इस योजना के तहत अब तक पांच बार बहनों को समय से पहले किस्त भेजी है। जैसे कि जुलाई में 5 तारीख को, जून में 7 तारीख को और मई में भी 4 तारीख को यह राशि ट्रांसफर की गई थी। चैत्र नवरात्र और गुड़ी पड़वा को देखते हुए 10वीं-11वीं किस्त 1 मार्च और 5 अप्रैल को खातों में भेजी थी। मार्च में सीएम मोहन ने शिवरात्रि और होली मनाने के लिए बहनों के खाते में एक मार्च को 10वीं किस्त भेजी थी।

मई 2023 में हुई थी योजना की शुरुआत
लाडली बहना योजना की शुरुआत मई 2023 में की गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 21 से 60 वर्ष की विवाहित महिलाओं को 1000 रुपए देने की घोषणा की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपए कर दिया गया। योजना के तहत अब हर महीने महिलाओं को 1250 रुपए दिए जाते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। हालांकि रक्षाबंधन पर बहनों को मोहन सरकार 250 रुपए शगुन के तौर से ज्यादा दे चुकी है।   

Similar News