जबलपुर में बवाल: दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर पथराव, 10 से ज्यादा घायल, पुलिस ने लोगों को खदेड़ा

MP के जबलपुर में शनिवार (2 नवंबर) को बवाल मच गया। मामूली बात पर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों तरफ से पथराव हुआ। घटना में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Updated On 2024-11-02 14:21:00 IST
Jabalpur Chaos

Jabalpur Chaos: जबलपुर में बवाल मच गया। शनिवार (2 नवंबर) को कोनी में मामूली बात पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। कहासुनी के बाद विवाद शुरू हो गया। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। कुछ ही देर बाद सैकड़ों की संख्या में लोग आमने-सामने आ गए और एक दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। घटना में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सिर पर पत्थर लगने से दो व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है। हिंसा की सूचना पर पाटन और कंटगी थाने से भारी पुलिस बाल पहुंचा। हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। फिलहाल स्थिति पर पुलिस ने नियंत्रण कर लिया है। 

जानें पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह 11 बजे राज चौधरी का बर्मन समाज के कुछ लड़कों से विवाद हो गया। तीन-चार लोगों ने मिलकर राज के साथ मारपीट कर दी। विवाद के बाद राज घर पहुंचा और परिजनों को मारपीट के बारे में बताया। इसके बाद चौधरी परिवार के 25 से अधिक लोग घर से बाहर निकले और बर्मन समाज के ऊपर पथराव कर दिया। जवाब में दूसरी तरफ से भी ईंट और पत्थर चले। देखते ही देखते 100 से अधिक लोग गांव की सड़क पर उतर आए और फिर जमकर पथराव हुआ। घटना में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। 

डायल 100 को लोगों ने घेरा तो भारी बल पहुंचा
पथराव की सूचना मिलने पर डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची। लोगों को समझाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया। कुछ देर बाद पाटन और कटंगी थाने से भारी पुलिस बल भेजा गया। दोनों थानों के बल ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस का कहना है कि दो पक्षों में विवाद के कारण ऐसे हालात बने थे। फिलहाल गांव में शांति है। दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

लंबे समय से चल रहा विवाद
जानकारी के मुताबिक, चौधरी और बर्मन समाज का लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। कुछ दिन पहले भी मामूली बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे, जिन्हें बाद में समझाइश दी गई थी। शनिवार को फिर दोनों समाज के लोगों के बीच विवाद हुआ और जमकर पत्थरबाजी हुई। फिलहाल एहतियात के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

 

। ग्राम कोनी में रहने वाले सभी ग्रामीणों को घर के अंदर रहने के निर्देश दिए हैं। दोनों ही पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जितने भी लोग घायल हुए हैं, उनका पाटन स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज करवाया जा रहा है। एहतियात के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Similar News