जबलपुर गोदाम ब्लास्ट: रजा मेटल इंड्रस्ट्रीज पर चला बुलडोजर, आरोपी शमीम कबाड़ी अब भी फरार

Jabalpur Blast News: जबलपुर में कबाड़ गोदाम ब्लास्ट मामले में प्रशासन ने रजा मेटल इंड्रस्ट्रीज पर बुलडोजर चलाया। शनिवार को नगर निगम अमले ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

Updated On 2024-05-25 23:46:00 IST
रजा मेटल इंडस्ट्रीज, जबलपुर

Jabalpur Blast News: जबलपुर गोदाम ब्लास्ट मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को नगर निगम का अमला रजा मेटल इंडस्ट्रीज पहुंचा और पूरे गोदाम को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। गोदाम की कीमत करीब 2 करोड़ बताई गई है। धमाके के बाद से मालिक और कबाड़ कारोबारी शमीम कबाड़ी फरार चल रहा है। 

दरअसल, बीते 25 अप्रैल को आधारताल थाना क्षेत्र के खजरी खिरिया के चांटी गांव में रजा मेटल इंडस्ट्रीज में तेज धमाका हुआ था। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई थी। ये विस्फोट इतना भयावह था कि मृतकों के चिथड़े उड़ गए जबकि आसपास के मकानों में भी दरारें पड़ गई। धमाका होने के बाद से रजा मेटल इंडस्ट्रीज का मालिक और आरोपी शमीम कबाड़ी फरार हो गया। जबलपुर रेंज के आईजी अनिल सिंह कुशवाहा ने पहले आरोपी के खिलाफ 25 हजार का ईनाम घोषित किया। बाद में राशि को बढ़ाकर 30 हजार कर दिया था।  

धमाके में 2 व्यक्ति हुए गायब 
धमाके के बाद से भोलाराम भूमिया और खलील खान नहीं दिखे। इसके बाद क्षत-विक्षत मिले चिथड़ों से दोनों के परिजन का डीएनए टेस्ट किया गया। इस मामले में प्रशासन ने आरोपी शमीम कबाड़ी के भाई सलीम खान के अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चलाया था। 

NIA की टीम पहुंची थी जबलपुर 
धमाका होने के बाद जांच एजेंसियों के कान खड़े हो गए थे। आनन-फानन में दिल्ली से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम जबलपुर पहुंची। धमाके की जांच हर एंगल की जांच की गई। धमाके के तार आंतकवादी घटना से भी जोड़कर देखे गए। मामले की जिला पुलिस, सीओडी, ऑर्डनेंस फैक्ट्री और अन्य जांच एजेंसियां कर रही हैं। 

(जबलपुर से फतेह सिंह की रिपोर्ट)

Similar News