सतना की बेटी प्रिया अग्रवाल बनीं डिप्टी कलेक्टर, MPPSC परीक्षा में पाई प्रदेश में छठवीं रैंक
MPPSC 2023 में छठवां स्थान हासिल करने के बाद सोशल मीडिया पर प्रिया को बधाई देने वालों का तांता लग गया। जिले के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और आम नागरिकों ने उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सतना। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2023 के फाइनल परिणाम में सतना जिले की प्रतिभाशाली बेटी प्रिया अग्रवाल ने पूरे प्रदेश में छठवां स्थान हासिल कर जिले और परिवार का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। बिरसिंहपुर की रहने वाली प्रिया अब डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित हुई हैं।
साधारण परिवार से निकलकर बनाई असाधारण पहचान
प्रिया अग्रवाल के पिता विजय अग्रवाल बिरसिंहपुर के प्रसिद्ध गैवीनाथ शिव मंदिर के पास नारियल और प्रसाद की दुकान चलाते हैं। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि में पली-बढ़ी प्रिया ने कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले भी प्रिया डिस्ट्रिक्ट लेबर ऑफिसर पद पर चयनित होकर रीवा जिले में पदस्थ थीं। अब उन्होंने अपनी लगन से एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
गांव में जश्न, लोगों ने कहा -“हमारी बेटी ने इतिहास रचा”
जैसे ही MPPSC का परिणाम घोषित हुआ, बिरसिंहपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। गांववालों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया और प्रिया के घर पहुंचकर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। हर कोई कह रहा था- “प्रिया ने दिखा दिया कि हौसले बुलंद हों तो सपने साकार होते हैं।”
प्रिया बोलीं- “मां-बाप का आशीर्वाद और निरंतरता ही सफलता की चाबी”
अपनी सफलता पर प्रिया अग्रवाल ने कहा- “पापा ने कभी परिस्थितियों को बाधा नहीं बनने दिया। उनकी मेहनत और मम्मी का आशीर्वाद ही मेरी ताकत है।” उन्होंने बताया कि निरंतर पढ़ाई, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच सफलता का असली मंत्र है।
सोशल मीडिया पर बधाइयों की बौछार
MPPSC 2023 में छठवां स्थान हासिल करने के बाद सोशल मीडिया पर प्रिया को बधाई देने वालों का तांता लग गया। जिले के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और आम नागरिकों ने उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।