Crime News: धनपुरी में दिल दहला देने वाली वारदात, प्रेम संबंध में बाधा बना मासूम; मां के प्रेमी ने की बेरहमी से हत्या

Crime News: शहडोल के धनपुरी में 7 साल के बच्चे की गला घोंटकर हत्या का खुलासा। मां के प्रेमी ने प्रेम संबंध में बाधा बनने पर दिया वारदात को अंजाम।

By :  Desk
Updated On 2026-02-03 15:52:00 IST

Crime News: शहडोल के धनपुरी में सनकी प्रेमी का खौफनाक अपराध, बच्चे की गला घोंटकर हत्या। (Image-AI) 

गुरजीत कौर की रिपोर्ट: शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सात साल के मासूम बच्चे ऋतिक कोल की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप बच्चे की मां के प्रेमी पर लगा है, जिसने प्रेम संबंध में बाधा बनने पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

बच्चा कब और कैसे लापता हुआ?

ऋतिक कोल बीते पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट धनपुरी थाने में दर्ज कराई थी। बच्चे की तलाश के लिए परिवार की ओर से पांच हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की गई थी। लगातार तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो मामला और संदिग्ध होता चला गया।

आरोपी का परिचय और रिश्ता

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोहसीन, धनपुरी की पुरानी बस्ती में रहने वाला है। उसका झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली महिला नंदिनी कोल से प्रेम संबंध था। नंदिनी के दो बच्चे हैं। आरोपी महिला को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन बच्चे उसके इरादों में बाधा बन रहे थे।

हत्या की प्लानिंग और तरीका

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी। उसने ऋतिक को झांसे में लेकर बंद पड़ी कोयला खदान तक ले गया। वहां बेरहमी से बच्चे का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बोरी में भरा और पानी से भरी खदान में फेंक दिया।

पुलिस जांच और कबूलनामा

जब खदान में बच्चे का शव मिला, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी दूसरे बच्चे की हत्या की भी योजना बना रहा था।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

Tags:    

Similar News