CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान: शिक्षकों को मिलेगा चौथा वेतनमान, भोपाल में 14 शिक्षक सम्मानित – 2 को राष्ट्रीय पुरस्कार

दमोह की शिक्षिका शीला पटेल और आगर-मालवा के शिक्षक भैरूलाल ओसारा को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 मिला। दोनों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में सम्मानित किया।

Updated On 2025-09-05 13:10:00 IST

CM Mohan Yadav

MP Teachers News: मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षकों को अब चौथा क्रमोन्नति वेतनमान मिलेगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में की। सीएम ने कहा कि इस फैसले से सरकार पर लगभग 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा, लेकिन शिक्षकों की खुशी और उनका योगदान अमूल्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सरकारी शिक्षक आज सीबीएसई और आईसीएससी बोर्ड को टक्कर दे रहे हैं। हमारे स्कूलों के विद्यार्थी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। सीएम ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों के हित में और भी सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

35 साल सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को लाभ

सरकार के इस निर्णय का फायदा केवल उन शिक्षकों को मिलेगा जिन्होंने 1 जुलाई 2023 तक 35 साल की सेवा पूरी कर ली है। अब तक यह लाभ शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ही मिल रहा था, लेकिन लंबे समय से शिक्षक भी इसकी मांग कर रहे थे।

भोपाल में 14 शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान

समारोह में प्रदेशभर से चुने गए 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्राथमिक और माध्यमिक श्रेणी के 8 शिक्षकों में गुना के जितेन्द्र शर्मा, शाजापुर के दिलीप जायसवाल, सिवनी के दिलीप कटरे, दमोह के श्रीकांत कुर्मी व मोहन सिंह गौंड, खंडवा की श्रद्धा गुप्ता, उज्जैन के अपूर्व शर्मा और अलीराजपुर के धनराज वाणी सम्मानित किया गया।।

उच्चतर माध्यमिक श्रेणी के 6 शिक्षक जिसमें धार की राधा शर्मा, जबलपुर के डॉ. नरेन्द्र कुमार उरमलिया, सागर के महेन्द्र कुमार लोधी, रतलाम की विनीता ओझा, राजगढ़ की डॉ. सरिता शर्मा और बालाघाट के सौरभ कुमार शर्मा सम्मानित किया गया।।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित

इस वर्ष दमोह की शिक्षिका शीला पटेल और आगर-मालवा के शिक्षक भैरूलाल ओसारा को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 मिला। दोनों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में सम्मानित किया। साथ ही, वर्ष 2024 में राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों में दमोह के माधव प्रसाद पटेल और मंदसौर की सुनीता गोधा को भी भोपाल के समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

शिक्षा मंत्री का संदेश

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी चयनित शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि ये सभी अपनी मेहनत और समर्पण से शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों पर ले जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News