IMD का पूर्वानुमान: नया सिस्टम एक्टिव, भारी बारिश का अलर्ट; किसानों की बढ़ी चिंता

सोमवार को भी बारिश का असर कई जिलों में दिखा। ग्वालियर से भले ही मानसून लौट चुका हो, लेकिन यहां 9 घंटे में सवा इंच पानी बरस गया।

Updated On 2025-09-30 08:30:00 IST

MP में फिर एक्टिव होगा मानसून

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून विदाई की बजाय अब एक और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 1 अक्टूबर से नया सिस्टम एक्टिव होगा, जिसके चलते दशहरे के दिन भी कई जिलों में बारिश हो सकती है। इसका असर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में ज्यादा देखने को मिलेगा।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, अगले 4 दिन तक हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवा की स्थिति भी बनी रहेगी। इसके बाद पांचवें दिन से तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

सोमवार को भी बारिश का असर कई जिलों में दिखा। ग्वालियर से भले ही मानसून लौट चुका हो, लेकिन यहां 9 घंटे में सवा इंच पानी बरस गया। भोपाल, दतिया, खरगोन, बड़वानी, नर्मदापुरम, मंडला और सागर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।

किसानों की बढ़ी मुसीबत

लगातार बारिश ने किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। बड़वानी जिले के तलवाड़ा बुजुर्ग गांव में खेतों में पानी भरने से भिंडी और मक्के की फसल खराब हो गई। किसान राकेश मुकाती के अनुसार, करीब 80 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, खरगोन में कपास की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। नमी के कारण मंडी में नीलामी रोक दी गई है और किसान अपने घरों व जिनिंग फैक्ट्रियों में कपास सुखाने को मजबूर हैं।

कब लौटेगा मानसून?

मौसम विभाग ने साफ किया है कि नए सिस्टम के कारण फिलहाल मानसून की विदाई नहीं होगी। अभी तक प्रदेश के 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है, लेकिन पूरे प्रदेश से इसकी वापसी में समय लग सकता है। सामान्यतः 6 अक्टूबर तक मानसून लौट जाता है, लेकिन इस बार इसकी तारीख आगे खिसक सकती है। इस साल मानसून ने मध्यप्रदेश में 16 जून को दस्तक दी थी। अब तक बारिश ने जहां राहत दी, वहीं फसल नुकसान से किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

Tags:    

Similar News