MP News Live Today 11 July 2025: मध्यप्रदेश की ताजा खबरें-एक क्लिक में पढ़ें
MP News Live: मध्य प्रदेश की शुक्रवार (11 जुलाई) की सभी बड़ी खबरें और ब्रेकिंग न्यूज पढ़ें एक ही पोस्ट में। राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम व अन्य खबरों पर नजर।
मध्य प्रदेश की शुक्रवार (11 जुलाई) की बड़ी और ब्रेकिंग खबरें।
MP News Live Today 11 July 2025 : मध्य प्रदेश में शुक्रवार (11 जुलाई) को कहां क्या हुआ? जानिए राजनीति, प्रशासन, अपराध, मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रांसफर लिस्ट और अन्य बड़ी खबरों का लाइव अपडेट। दिनभर की हर जरूरी जानकारी अब एक ही जगह- बिना स्क्रॉल किए, बिना गूगल किए। यह लाइव ब्लॉग मध्य प्रदेश की ताज़ा और जरूरी खबरों को संक्षेप में पेश करता है। शहर, कस्बे और गांव से जुड़ी हर जरूरी खबर, जिसके बारे में आप जानना चाहते हैं- एक क्लिक में पढ़ें।
MP News 11 July 2025 ताज़ा अपडेट्स
अमरकंटक में भजन गायक की डूबने से मौत
अमरकंटक में नर्मदा नदी के रामघाट पर भजन गायक राज भदौरिया की डूबने से मौत हो गई। गुरुवार शाम 5.30 वे गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में स्नान करने गए थे, लेकिन फव्वारे की रेलिंग में उनका पैर फंस गया। गुरु पूर्णिमा पर घाट पर हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। उनके सामने राज ने दम तोड़ दिया।
मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव: इंदौर में उद्याेगपतियों से संवाद करेंगे CM
इंदौर में आज (शुक्रवार, 11 जुलाई) मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025 है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होटल, पर्यटन, रियल एस्टेट और इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों के प्रमुख निवेशकों से संवाद करेंगे। वे दोपहर 1.30 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे और शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे।
मध्य प्रदेश: शुक्रवार को 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में 11 जुलाई 2025, शुक्रवार को 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने आज ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल, बालाघाट, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, अनुपपुर, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, सिवनी, दमोह, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, निवाड़ी और टीकमगढ़ में तेज बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा का हुआ अद्भुत श्रृंगार
उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन महीने के पहले दिन बाबा महाकाल का अद्भुत श्रृंगार हुआ। भस्म आरती के बाद उन्हें राजा के रूप में सजाया गया। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला और फिर सुगंधित फूलों से बनी माला पहनाई गई। विशेष आरती भी हुई। भक्तों ने जल, दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया।