ई-नगर पालिका 2.0 योजना: घर बैठे मिलेंगी 24 नागरिक सुविधाएं, प्रमाण पत्र, NOC और परमिशन के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर

मध्यप्रदेश में ई-नगर पालिका 2.0 योजना शुरू हो गई है। इससे नागरिकों को 24 नगरीय सेवाएं घर बैठे मिलेंगी। जानिए इससे जुड़े फायदे और तकनीकी बदलाव।

Updated On 2025-06-12 11:55:00 IST

मध्यप्रदेश में शुरू हुई ई-नगर पालिका 2.0 योजना, घर बैठे मिलेंगी 24 नगरीय सेवाएं। 

MP e-Nagarpalika-2.0 : मध्यप्रदेश सरकार के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ते हुए ई-नगर पालिका 2.0 योजना की शुरुआत की है। डिजिटल इंडिया मिशन के तहत पारदर्शी, त्वरित और सुलभ नगरीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह क्रांतिकारी कदम है।

ई-नगर पालिका 2.0 के जरिए जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बिल्डिंग परमिशन, फयर एनओसी और टैक्स भुगतान जैसी 24 जरूरी सेवाएं आम लोगों को घर बैठे ऑनलाइन मिलने लगेंगी।

क्या है ई-नगर पालिका 2.0?
ई-नगर पालिका 2.0 एक केंद्रीकृत वेब आधारित प्लेटफॉर्म है, जो 24 प्रकार की नगरीय सेवाओं को एक पोर्टल पर लाता है। इसके तहत अब नागरिकों को कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। साथ ही घर बैठे ऑनलाइन आवेदन और भुगतान की सुविधा मिलेगी। प्रमाण-पत्र और एनओसी भी ईमेल या व्हाट्सऐप पर प्राप्त कर सकेंगे।

ई-नगर पालिका की तकनीकी विशेषताएं

  • GIS और AI इंटीग्रेशन: टैक्स पैटर्न का विश्लेषण और संपत्ति की जांच अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से मिनटों में होगी।
  • प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़ाव: अब प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण और टैक्स खाता ऑटोमेटिक बन जाएगा।
  • क्लाउड आधारित होस्टिंग: सेवा अब क्लाउड पर है, जिससे सर्वर डाउन जैसी समस्याएं नहीं आएंगी।

ई-नगर पालिका पोर्टल से ऑनलाइन मिलेंगी ये सुविधाएं 

  • नया प्रॉपर्टी टैक्स खाता
  • नल कनेक्शन और जलकर भुगतान
  • जन्म व मृत्यु प्रमाण-पत्र
  • विवाह पंजीकरण
  • ट्रेड लाइसेंस
  • बिल्डिंग परमिशन
  • पेड़ काटने की अनुमति
  • फायर एनओसी
  • अन्य सभी NOC

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में मदद
ई-नगर पालिका 2.0 से उद्योगों को फायर, बिल्डिंग सहित अन्य सभी प्रकार की अनुमतियां तेजी से मिलेंगी। इससे निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रक्रिया सरल होंगी। लिहाजा, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में मदद मिलेगी। 

ई-नगर पालिका 2.0 : सेवाएं कहां मिलेंगी?

  1. MP Online कियोस्क सेंटर
  2. कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)
  3. ऑनलाइन पोर्टल व पेमेंट गेटवे

भोपाल अभी बाहर, जल्द होगा शामिल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कुछ नागरिक सुविधाएं पहले से ऑनलाइन उपलब्ध हैं।फिलहाल, भोपाल नगर निगम का अलग पोर्टल (BMC Online) है, लेकिन इसका अनुबंध समाप्त होते ही भोपाल नगर निगम को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। 


Tags:    

Similar News