शारदीय नवरात्रि: एमपी के 7 चमत्कारी देवी मंदिर, जहां अनोखी परंपराओं से पूरी होती हैं हर मनोकामना

आइए जानते हैं उन 7 चमत्कारी मंदिरों के बारे में जहां हर मनोकामना पूरी होती है।

Updated On 2025-09-24 15:37:00 IST

Madhya Pradesh Devi Temple

Navratri 2025: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मध्यप्रदेश के देवी धामों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। यहां केवल दर्शन ही नहीं, बल्कि ऐसी अनोखी परंपराएं और लोक मान्यताएं देखने को मिलती हैं, जो इन्हें दूसरे मंदिरों से अलग बनाती हैं। आइए जानते हैं उन 7 चमत्कारी मंदिरों के बारे में जहां हर मनोकामना पूरी होती है। 

भोपाल का जीजीबाई माता मंदिर (चप्पल वाली माता)

भोपाल के कोलार क्षेत्र की ऊंची पहाड़ी पर विराजमान माता कामेश्वरी शक्तिपीठ को लोग जीजीबाई माता मंदिर के नाम से जानते हैं। अनोखी परंपरा के कारण यह मंदिर ‘चप्पल वाली माता’ के नाम से भी प्रसिद्ध है। मान्यता है कि यहां चप्पल, जूते, सैंडल और मनपसंद वस्तुएं अर्पित करने से देवी प्रसन्न होती हैं।

मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को 121 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। 1999 में स्थापित यह शक्तिपीठ आज देश-विदेश तक ख्याति प्राप्त कर चुका है, जहां अमेरिका, इंग्लैंड, दुबई और सऊदी अरब तक से भक्त माता के लिए भेंट भेजते हैं।


कर्फ्यू वाली माता, भोपाल

भोपाल के सोमवारा चौराहा, पीरगेट के पास स्थित मां भवानी मंदिर ‘कर्फ्यू वाली माता’ के नाम से प्रसिद्ध है। इसका निर्माण सन 1980-81 में हुआ था। इससे पहले अश्विन मास की नवरात्रि में यहां मिट्टी की प्रतिमा स्थापित की जाती थी।

उस समय पूरे इलाके के लोग मिलकर अस्थायी प्रतिमा की स्थापना और पूजन करते थे। धीरे-धीरे भक्तों ने स्थायी मंदिर बनाने का निर्णय लिया, लेकिन स्थापना के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया।

तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कार्यकाल में भक्तों और प्रशासन के बीच तनातनी बढ़ी और करीब 15-20 दिन तक पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा रहा। इसी संघर्ष के बीच भक्तों ने माता भगवती की मूर्ति स्थापित की। यही वजह है कि यह मंदिर ‘कर्फ्यू वाली माता’ के नाम से जाना जाता है।


बराई माता मंदिर, राजगढ़

राजगढ़ में खिलचीपुर के घने जंगलों में स्थित बराई माता मंदिर, आस्था का अनोखा केंद्र है। यह मंदिर किसी साधारण जगह पर नहीं, बल्कि लगभग 400 साल पुरानी रियासतकालीन बावड़ी के अंदर बना हुआ है। यहां माता की प्रतिमा के साथ-साथ बावड़ी में जमे प्राचीन पत्थरों को भी चमत्कारी माना जाता है। मान्यता है कि इन पत्थरों से टूटकर गिरने वाले कंकर, चेचक जैसे असाध्य रोग से मुक्ति दिलाते हैं।

मंदिर में माता की प्रतिमा बावड़ी के बीच से निकली हुई है और नवरात्रि में विशेष पूजा-पाठ और श्रृंगार किया जाता है। यहां के पत्थरों की अनोखी परंपरा है। माना जाता है कि चेचक होने पर बावड़ी से टूटे हुए पांच कंकर उठाकर माता के सामने चढ़ाने और फिर उन्हें घर ले जाकर पानी में घिसकर चेहरे पर लगाने से रोग ठीक हो जाता है। राजस्थान तक से श्रद्धालु यहां आते हैं।


थाने वाली माता, ब्यावरा

राजगढ़ जिले के सुठालिया कस्बे से 5 किलोमीटर दूर मऊ गांव की पहाड़ी पर ऐसा मंदिर है, जहां आस्था और पुलिस की वर्दी एक साथ नजर आती है। यह मंदिर मां चामुंडेश्वरी का है, जिसे स्थानीय लोग 'थाने वाली माता' के नाम से जानते हैं। करीब 400 साल पुराने मंदिर की देखरेख 77 साल से पुलिस विभाग कर रहा है।

साल 1946 में यहां ब्रिटिश शासन के दौरान थाना स्थापित हुआ, तभी से मंदिर का प्रबंधन पुलिस के हाथों में आ गया। एक घटना ने इस आस्था को और भी गहरा कर दिया। बताते हैं कि साल 1988 में जब थाने को मऊ से सुठालिया शिफ्ट किया जा रहा था, तब अचानक थाने के भवन में दरारें आ गईं। एक कमरे में आग भी लग गई।

पुलिस अधिकारियों ने इसे मां का संकेत मानकर उनकी आराधना की। इसके बाद थाने का नाम बदलकर 'पुलिस थाना मऊ सुठालिया' रखा गया, जो आज भी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। तब से यह परंपरा बन गई कि कोई भी नया अधिकारी या पुलिसकर्मी थाने में जॉइन करने से पहले मां के दरबार में हाजिरी लगाता है। यह प्रक्रिया रिकॉर्ड में भी दर्ज की जाती है।

बाड़ी माता, शाजापुर

आगर जिले से करीब 24 किमी दूर पचेटी गांव स्थित बाड़ी माता का मंदिर करीब 500 साल पुराना है। यह मंदिर मुख्य मार्ग से करीब 12 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर है। आसपास 12 से ज्यादा गांव लगे हैं। यहां माता की स्वयंभू प्रतिमा है।

श्रद्धालु यहां संतान की कामना लेकर आते हैं। मन्नत पूरी होने पर मंदिर में पालना चढ़ाते हैं। मंदिर के पुजारी मोड़सिंह ने बताया कि मंदिर में घंटियों के साथ जगह-जगह झूले टंगे हैं।

मान्यता है कि यहां मन्नत मानने पर विवाहिता की कोख सूनी नहीं रहती। फिर चाहे बेटा हो या बेटी। मन्नत पूरी होने पर परिजन सबसे पहले मंदिर आकर पालना बांधते हैं। वर्षों से चली आ रही परंपरा आज भी निभाई जा रही है। हालांकि अगले महीने दिवाली के चलते मंदिर से सभी झूले हटा दिए गए हैं। मंदिर में 50 साल से लगातार अखंड ज्योति जल रही है।


चौबीस खंभा मंदिर, उज्जैन

9वीं-10वीं शताब्दी में बना उज्जैन का चौबीस खंभा मंदिर कई मायनों में सबसे अलग है। यहां महामाया और महालया माता विराजमान हैं, जो नगर और भक्तों को अनिष्ट से बचाती हैं। यह मंदिर 1400 वर्ष से अधिक पुराना है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं।

माना जाता है कि उज्जैन के राजा विक्रमादित्य ने मूल मंदिर का निर्माण कराया था। बाद में परमार राजाओं ने इसका जीर्णोद्धार कराया। इस मंदिर में 24 नक्काशीदार खंभे हैं, मंदिर की वास्तुकला गुप्त स्थापत्य शैली का एक उदाहरण है। खंभों पर पौराणिक दृश्य, देवता और पुष्प आकृतियां उकेरी गई हैं।

यहां की एक परंपरा मदिरा से जुड़ी है। नवरात्र की अष्टमी के दिन कलेक्टर माता को मदिरा का भोग लगाते हैं और 40 मंदिरों (27 किमी) तक मदिरा की धार बहाई जाती है। बाल बाकल का भोग लगाया जाता है। यह काम पटवारी, वसूली पटेल और चौकीदार करते हैं। ये परंपरा राजा विक्रमादित्य के समय से जुड़ी है। ऐसा महामारी-आपदा से बचाव और समृद्धि के लिए किया जाता है।


मालवा की वैष्णो देवी, नीमच

नीमच जिला मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित है मालवा की वैष्णो देवी और आरोग्य देवी कही जाने वाली भादवा माता का मंदिर। इस मंदिर को आरोग्य तीर्थ भी कहते हैं। मान्यता है कि यहां मौजूद प्राचीन बावड़ी के जल से लकवा, मिर्गी जैसे असाध्य रोग भी ठीक हो जाते हैं।

भदवा गांव में मंदिर होने के कारण इनका नाम भादवा माता पड़ा। यहां शुरुआत से मुख्य पुजारी भील समुदाय का ही रहा है। हालांकि, गांव में ब्राह्मण और भील दोनों समुदाय के लोग रहते हैं।

मंदिर में स्थित प्राचीन बावड़ी में सालभर पानी रहता है। यहां आने वाले भक्त इस बावड़ी में स्नान और आचमन करते हैं। इस पानी को बोतल में भरकर घर भी ले जाते हैं। इसके अलावा रोग ग्रस्त अंग पर भस्म का लेप करते हैं। मन्नत मांगकर यहां श्रद्धालु कलावा भी बांधते हैं।

ये सभी मंदिर न सिर्फ उपासना स्थल हैं, बल्कि आस्था, विश्वास और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम भी हैं। नवरात्रि में इन देवी धामों के दर्शन करना जीवन का एक अनोखा अनुभव साबित होता है।

Tags:    

Similar News