मध्यप्रदेश में सर्दी का सितम: राजगढ़ सबसे ठंडा, कई शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और रीवा में शीतलहर चलने की संभावना है।
मध्यप्रदेश में ठंड ने इस बार नवंबर में ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार और शनिवार की रात जैसे-जैसे बीती, प्रदेश के कई शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे जा पहुंचा। राजगढ़ सबसे ठंडा रहा, जबकि भोपाल और इंदौर में भी तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
शनिवार को भोपाल, राजगढ़, उज्जैन, इंदौर, देवास, सीहोर, शाजापुर, सतना और रीवा में दिनभर ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को कोल्ड वेव (शीतलहर) का अलर्ट जारी किया है।
10 नवंबर को इन जिलों में चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और रीवा में शीतलहर चलने की संभावना है।
राजगढ़ बना सबसे ठंडा, पचमढ़ी से भी नीचे पारा
राजगढ़ में पारा 7.4 डिग्री तक जा पहुंचा, जबकि रीवा में 9.6 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा, जो पिछले 10 साल में दूसरा सबसे कम आंकड़ा है। इंदौर ने 25 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 9 डिग्री से नीचे का तापमान दर्ज किया।
अन्य शहरों में तापमान इस प्रकार रहा –
रायसेन: 10°C
उमरिया: 10.2°C
गुना: 11.2°C
बैतूल: 13°C
धार-श्योपुर: 12°C
सतना: 12.6°C
सीधी: 13°C
पचमढ़ी (हिल स्टेशन): 15.4°C
पचमढ़ी में इस बार कई मैदानी इलाकों से भी ज्यादा तापमान रहा, जो हैरान करने वाला है।
उत्तर भारत की बर्फबारी से बढ़ी ठंड
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। इन्हीं इलाकों से आने वाली बर्फीली हवाएं अब मध्यप्रदेश को ठंडा कर रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर के शुरुआती दिनों में इतनी ठंड असामान्य है और आने वाले हफ्तों में यह और बढ़ सकती है।
अब कोहरे की भी दस्तक
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अब ठंड के साथ कोहरे का असर भी बढ़ेगा। फिलहाल देर रात और सुबह हल्का कोहरा दिख रहा है। मंडला में विजिबिलिटी सिर्फ 1–2 किलोमीटर रही, जबकि जबलपुर, रीवा और सतना में यह 2–4 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई।
दिन में भी घुली ठंडक
रात के अलावा दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार को ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है।