लाड़ली बहना योजना: CM मोहन यादव आज सिवनी से ट्रांसफर करेंगे 1500 रुपए, ‘देवी सुभद्रा योजना’ नाम बदलने की चर्चा तेज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी से लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेशभर की बहनों के खातों में 1500 रुपए की नई किस्त ट्रांसफर करेंगे।
Ladli Behna Yojana
भोपाल/सिवनी। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन बेहद खास है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी से लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेशभर की बहनों के खातों में 1500 रुपए की नई किस्त ट्रांसफर करेंगे। अब तक हितग्राहियों को 1250 रुपए प्रति माह मिलते थे, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी के बाद राशि में 250 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
आज 1 करोड़ 26 लाख 36 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में कुल 1587 करोड़ रुपए एक साथ भेजे जाएंगे। यह ट्रांसफर सिंगल क्लिक के जरिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी के पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह राशि भेजेंगे।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री आज ‘लाड़ली बहना योजना’ का नाम बदलकर ‘देवी सुभद्रा योजना’ करने का ऐलान भी कर सकते हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने भाई दूज के मौके पर सीएम हाउस में आयोजित कार्यक्रम में संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि “भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा का रिश्ता भाई-बहन के प्रेम और संरक्षण की सबसे सुंदर मिसाल है। हमारी सरकार भी उसी भावना से हर लाड़ली बहन के सुख, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की साथी है।”
हालांकि, महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता ने फिलहाल योजना का नाम बदलने की पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि इस पर कई महीनों से मंथन चल रहा है और इस विषय पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान से भी चर्चा की गई है।
योजना का मकसद केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ना भी है। सरकार महिलाओं को विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
गौरतलब है कि इस योजना की शुरुआत जून 2023 में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की थी। अब तक सरकार 29 किस्तों में 44,900 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर कर चुकी है।