Ladli Behna Yojana: लाडली बहना के खाते में अब हर माह आएंगे 1500 रुपए, जानिए तारीख

लाड़ली बहना योजना के तहत अब महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे। सीएम मोहन यादव ने 250 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की। जानें पूरी जानकारी।

Updated On 2025-10-10 09:55:00 IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य की सबसे लोकप्रिय योजना “लाड़ली बहना योजना” (Ladli Behna Yojana) के तहत महिलाओं को मिलने वाली राशि में ₹250 की वृद्धि की घोषणा की है। अब इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1500 की आर्थिक सहायता मिलेगी। पहले यह राशि ₹1250 थी।

15 अक्टूबर से पहले पहुंचेगी बढ़ी हुई राशि

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि बढ़ी हुई राशि दीपावली से पहले, यानी 15 अक्टूबर से पहले, लाड़ली बहनों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। त्योहारी सीजन में यह राशि महिलाओं के लिए राहत और खुशी दोनों लेकर आएगी। वर्तमान में 1.27 करोड़ महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं, जिनके खातों में हर महीने यह राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से जमा की जाती है।

सरकार पर बढ़ा वित्तीय भार, लेकिन जनता को राहत

योजना के तहत 1500 रुपये प्रति माह देने से राज्य सरकार पर अब ₹1,859 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। पहले यह खर्च ₹1,541 करोड़ रुपये था, यानी सरकार को ₹318 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार उठाना पड़ेगा। फिर भी, मुख्यमंत्री ने कहा है कि “महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण हमारा संकल्प है। यह राशि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मान का प्रतीक है।”

लाड़ली बहना योजना की सफलता

लाड़ली बहना योजना की शुरुआत महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी। अब तक इस योजना से जुड़ी महिलाओं ने अपने जीवन में उल्लेखनीय सुधार देखा है, कई महिलाएं इस राशि का उपयोग घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और छोटे कारोबार शुरू करने में कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा की गई यह वृद्धि न केवल योजना को और सशक्त बनाएगी, बल्कि राज्य की महिला नीति को भी नई दिशा देगी।

Tags:    

Similar News