लाड़ली बहना योजना: नाम बदलेगा! अब कहलाएगी ‘देवी सुभद्रा योजना’, CM मोहन यादव इस दिन कर सकते हैं घोषणा
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत मार्च 2023 में हुई थी, जब महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह सहायता दी जाती थी। सितंबर 2023 में इसे बढ़ाकर ₹1250 किया गया था और अब ₹1500 प्रतिमाह देने की घोषणा की जा रही है।
Ladli Behna Yojana
मध्यप्रदेश सरकार अब ‘लाड़ली बहना योजना’ का नाम बदलने जा रही है। सरकार इस योजना को ‘देवी सुभद्रा योजना’ के नाम से लागू करने की तैयारी में है। अधिकारियों ने नाम परिवर्तन की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है और उम्मीद है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योजना की राशि भी हितग्राहियों के खातों में ₹1500 प्रतिमाह के हिसाब से ट्रांसफर करेंगे।
अब तक लाड़ली बहनों को ₹1250 प्रति माह दिए जा रहे थे, लेकिन सरकार ने इसमें ₹250 की अतिरिक्त वृद्धि की है। इस फैसले से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1793 करोड़ 75 लाख रुपए का अतिरिक्त बोझ आएगा, जबकि पूरे वर्ष का संभावित व्यय ₹20,450 करोड़ 99 लाख तक पहुंच सकता है। फिलहाल प्रदेश में 1.26 करोड़ लाड़ली बहनें इस योजना से जुड़ी हुई हैं और अब तक ₹44,000 करोड़ की राशि उनके खातों में डाली जा चुकी है।
देवी सुभद्रा के सम्मान में योजना का नया नाम
सरकार का कहना है कि योजना का नया नाम देवी सुभद्रा के सम्मान में रखा जा रहा है। देवी सुभद्रा भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की बहन थीं, जिनका विवाह अर्जुन से हुआ था। उनके पुत्र अभिमन्यु महाभारत के प्रसिद्ध योद्धा थे। देवी सुभद्रा को योगमाया के रूप में पूजनीय माना जाता है, इसलिए सरकार ने यह नाम परिवर्तन महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में प्रतीकात्मक कदम बताया है।
महिलाओं के लिए नई बीमा योजना की तैयारी
राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए अब एक बीमा योजना भी शुरू करने जा रही है। इसमें महिलाओं से नाममात्र का अंशदान लिया जाएगा और बाकी प्रीमियम सरकार वहन करेगी। इस बीमा योजना में स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं शामिल करने की तैयारी है ताकि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर सुरक्षा मिल सके।
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत मार्च 2023 में हुई थी, जब महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह सहायता दी जाती थी। सितंबर 2023 में इसे बढ़ाकर ₹1250 किया गया था और अब ₹1500 प्रतिमाह देने की घोषणा की जा रही है।