सावन महोत्सव 2025: भोपाल में भक्ति-मस्ती का संगम; आधारशिला में 'सखी-सहेली' ने बिखेरी अनुपम छटा

Bhopal Sawan Festival 2025: मध्यप्रदेश के भोपाल में सावन महोत्सव की धूम है। मंदिरों और मोहल्लों में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। आधारशिला कॉलोनी में "सखी सहेली ग्रुप' ने सावन की अनुपम छटा बिखेरी।

By :  Desk
Updated On 2025-07-31 17:18:00 IST

Bhopal Sawan Festival 2025

Bhopal Sawan Festival 2025: सावन का महीना वर्षा, श्रद्धा, प्रेम और उल्लास का प्रतीक है। भोपाल में भक्ति की बयार बह रही है। मंदिरों और मोहल्लों में धार्मिक आयोजन की धूम है। आधारशिला कॉलोनी में 'सखी सहेली ग्रुप' ने सावन की अनुपम छटा बिखेरी। महिलाओं ने भव्य आयोजन कर पूरे वातावरण को संगीतमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। कजरी गीतों की मधुर गूंज के साथ रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया।

तंबोला और अंताक्षरी गेम्स भी खेले
कॉलोनी की वरिष्ठ महिलाओं ने विधिवत गणेश पूजन और भगवान शिव की आराधना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जयकारों और बम-बम भोले के नारों से माहौल शिवमय हो उठा। फिर भजन-संगीत का दौर शुरू हुआ। महिलाओं ने सुर, ताल और लय के साथ भक्ति की रसधारा बहा दी। मनोरंजन को और रोचक बनाने के लिए तंबोला और अंताक्षरी जैसे गेम्स में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


उद्देश्य: मेलजोल की भावना को मजबूत बनाना 
महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सखी सहेली ग्रुप के कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी मेलजोल, संस्कृति से जुड़ाव और सामूहिक उत्सव की भावना को मजबूत बनाना है। महिलाओं ने कहा कि आगे भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे, ताकि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखा जा सके। 



नार्मदीय महिला मंडल ने तीज महोत्सव मनाया 
नार्मदीय मिलन महिला मंडल ने हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया। नृत्य, गीत और विविध कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह मोह लिया। लोक गायिका पूर्णिमा चतुर्वेदी विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। प्रारंभ में सीमा तारे ने गणेश वंदना की । सामूहिक रूप से नर्मदा अष्टक का पाठ हुआ। शैलजा राकेश तारे हरियाली क्वीन चुनी गईं, नंदिनी दीपक उपाध्याय और निधि निखिल शर्मा पहली और दूसरी रनर अप रहीं।

साकेत नगर में पौधरोपण 
साकेत नगर वासियों ने हरियाली महोत्सव आयोजित कर पौधरोपण किया। शंकराचार्य उद्यान 2ए सेक्टर में हुए आयोजन में राज्य मंत्री कृष्णा गौर और पार्षद सुरेंद्र वाडिका उपस्थित रहे। 'एक पेड़-मां के नाम से इस आयोजन में 11 पौधे रोपे गए। 

मिसरोद में रूद्र महायज्ञ
मिसरोद स्थित उत्सव गार्डन में 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण संकल्प के साथ रूद्र महायज्ञ की शुरुआत हुई। गोलोकधाम पीठाधीश्वर अरूणानंद महाराज के सानिध्य में कलश यात्रा निकाली गई। आचार्य पं. जगदीश शर्मा ने बताया कि यह महायज्ञ 6 अगस्त तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 6 बजे तक रुद्री पाठ व शिवलिंग निर्माण होगा। पहले दिन भगवान भोलेनाथ का भस्म शृंगार और सहस्रधारा से रुद्राभिषेक कर महाआरती की गई।

अरेरा हिल्स में शिव महापुराण कथा 
अरेरा हिल्स स्थित लक्ष्मीनारायण बिड़ला मंदिर में संत रविशंकर रावतपुरा महाराज के संदेश के साथ शिव महापुराण कथा आरंभ हुई। कथावाचक पं. अमितानंद महाराज ने शिव की कल्याणकारी लीलाओं और महामृत्युंजय मंत्र की महिमा पर प्रकाश डाला। सलैया स्थित मंशापूरण महादेव मंदिर में अब तक 25 हजार से अधिक पार्थिव शिवलिंग बनाए जा चुके हैं। सुभाष कॉलोनी के भवानी शिव हनुमान मंदिर में यह संख्या 30 हजार पार कर गई है।  

Tags:    

Similar News