Junior National Squash Championship 2025: आराध्या पोरवाल ने जीता जूनियर नेशनल स्क्वैश खिताब, सीएम मोहन यादव बोले- प्रदेश का सिर गर्व से ऊँचा किया
आराध्या दिल्ली में पदस्थ पुलिस उपायुक्त विक्रम पोरवाल की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने भी उन्हें बधाई दी।
भोपाल। मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उज्जैन की बेटी आराध्या पोरवाल ने चेन्नई में आयोजित जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 (गर्ल्स अंडर-17) में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आराध्या को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा-“बेटी आराध्या ने न केवल उज्जैन बल्कि पूरे प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा है।” खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी आराध्या को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
देश की नंबर-1 खिलाड़ी बनी उज्जैन की आराध्या
आराध्या पोरवाल इस समय अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में ऑल इंडिया रैंकिंग में नंबर-1 पर हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
आराध्या अब तक कई बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। एशियन जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक और वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में शीर्ष 32 में स्थान में रहीं हैं।
परिवार और पुलिस विभाग को गर्व
आराध्या दिल्ली में पदस्थ पुलिस उपायुक्त विक्रम पोरवाल की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने भी उन्हें बधाई दी। उज्जैन और पूरे मध्यप्रदेश में आराध्या की सफलता से हर्ष और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों का कहना है कि यह जीत प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।