घर में बेहोश मिला डॉक्टर दंपती: यमुनानगर में नौकर ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, सामान चोरी कर फरार
अस्पताल स्टाफ ने उन्हें घर पर बेसुध पाया, तुरंत आईसीयू में भर्ती करके इलाज किया। जगाधरी सिटी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शातिर नौकर की तलाश तेज की।
यमुनानगर के जगाधरी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक डॉक्टर दंपती को उनके घर के नौकर ने बेहोश कर घर का कीमती सामान चोरी कर लिया। उसके बाद मौके से फरार हो गया। व्यासपुर रोड पर स्थित सभरवाल अस्पताल के मालिक डॉ. नवीन सभरवाल और उनकी पत्नी डॉ. पूनम सभरवाल कमरे में बेसुध मिले, जिससे अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया।
सुबह 5 बजे पी चाय
घटना सोमवार सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। घर पर खाना बनाने वाले रसोइए ने डॉक्टर दंपती को चाय में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद वे दोनों बेहोश हो गए। इसी का फायदा उठाकर शातिर नौकर ने घर का सामान समेटा और फरार हो गया।
अस्पताल के स्टाफ ने किया खुलासा
घटना का खुलासा सुबह तब हुआ जब अस्पताल का स्टाफ डॉक्टर दंपती को बुलाने पीछे बने उनके घर पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो डॉ. नवीन सभरवाल और डॉ. पूनम कमरे में बेसुध थे। यह देखकर तुरंत उन्हें अस्पताल के आईसीयू में लाया गया। गहन चिकित्सा के बाद दोनों को होश आया और अब वे खतरे से बाहर हैं।
सबूत मिटाने के लिए ले गया सीसीटीवी का डीवीआर
पुलिस के अनुसार नौकर इतना शातिर था कि उसने चोरी के बाद कोई सबूत न छूटे, यह सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी अपने साथ ले गया। इससे पुलिस के लिए मामले को सुलझाना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन टीमें गहनता से जांच में जुटी हुई हैं।
जगाधरी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही जगाधरी सिटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उनके साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सबूत जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस ने मामले में अज्ञात नौकर के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द से जल्द आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।