यमुनानगर में व्यक्ति की हत्या: कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी का शव

यमुनानगर में कमरे से अंदर खून से लथपथ रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी का शव पड़ा मिला। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया।

Updated On 2024-08-28 17:57:00 IST
यमुनानगर में व्यक्ति की हत्या मामले में कार्रवाई करते पुलिसकर्मी।

यमुनानगर: शहर की शिवपुरी ए कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय बलदेव राज गुप्ता का शव बुधवार सुबह कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। कमरे से खून बहकर बाहर बरामदे तक पहुंच गया। मृतक बलदेव राज रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी था और उसे दस साल पहले पैरालाइज हुआ था। मृतक के बेटे ने अज्ञात व्यक्ति पर प्रोपर्टी को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक की प्रोपर्टी का केस न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

रेलवे से सेवानिवृत था मृतक

मृतक के पुत्र पंकज गुप्ता ने बताया कि उसके पिता बलदेव राज गुप्ता रेलवे से सेवानिवृत है। उसके पिता 2014 से पैरालाइज है, जिस कारण वह घर में नीचे ही रहते थे। बुधवार सुबह करीब पौने आठ बजे बच्चो को स्कूल छोड़ने के लिए आया तो वह अपने पिता के कमरे में गया। कमरे के दरवाजे से बाहर बरामदे की तरफ खून बहकर आया हुआ था। अंदर कमरे में जाकर देखा तो उसके पिता खून से लथपथ हालत में बेड से नीचे गिरे पड़े थे। उनके मुंह व नाक से खून बह रहा था। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेसिंग टीम को बुलाया और जरूरी सबूत जुटाए।

न्यायालय में चल रहा प्रोपर्टी केस

पंकज गुप्ता ने बताया कि उसके पिता की प्रोपर्टी के कर्इ केस न्यायालय में चल रहे हैं। जिस कारण कर्इ व्यक्ति उसके पिता से रंजिश रखे हुए थे। उसने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता की हत्या की है। गांधी नगर थाना प्रभारी महरूफ अली ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Similar News