यमुनानगर: रेलवे में नौकरी का लालच देकर महिला से रेप, लिव-इन पार्टनर ने बच्चा होने के बाद दी जान से मारने की धमकी

लंबे समय तक लिव-इन में रखने के बाद जब महिला ने सितंबर 2024 में बच्चे को जन्म दिया, तो आरोपी ने उसे घर से निकाल दिया। अब आरोपी पीड़िता और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

Updated On 2026-01-02 13:21:00 IST

यमुनानगर में महिला से दुष्कर्म। 

हरियाणा के यमुनानगर में मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली तीन बच्चों की मां को रेलवे में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर न केवल आर्थिक रूप से ठगा गया, बल्कि उसके साथ लंबे समय तक दुष्कर्म भी किया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाकर पहले लाखों के जेवर और नकदी हड़पी और बच्चा होने के बाद अब उसे और नवजात को जान से मारने की धमकियां दे रहा है।

नौकरी के नाम पर शुरू हुआ धोखे का खेल

पीड़िता ने जगाधरी सिटी थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से इंदौर की निवासी है। उसके ससुर यमुनानगर में रेलवे में कार्यरत थे। पति द्वारा घर से निकाले जाने के बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थी। इसी बीच विनीता जैसवाल नाम की एक महिला, जो खुद रेलवे में तैनात है, ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। विनीता ने पीड़िता का परिचय इंदौर के ही रहने वाले मुकेश से कराया और दावा किया कि वह रेलवे में भर्ती करवा सकता है।

नशीली चाय पिलाकर बेहोश किया

पीड़िता के अनुसार मुकेश ने रेलवे में नियुक्ति के नाम पर उससे एक लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण ऐंठ लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने जालसाजी कर उसके फोटो, आधार कार्ड ले लिए और अंग्रेजी में लिखे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। आरोप है कि दिसंबर 2023 में जब पीड़िता इंदौर पहुंची तो विनीता ने उसे चाय में नशीला पदार्थ पिला दिया। होश आने पर पीड़िता ने खुद को निर्वस्त्र पाया और मुकेश ने विरोध करने पर उसे शादी का झांसा देकर शांत करा दिया।

लिव-इन में रखा और बच्चा होने पर भाग निकला

मुकेश ने पीड़िता को इंदौर में ही एक किराए के मकान में रखा, जहां वह लगातार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई और सितंबर 2024 में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चा होने के बाद मुकेश का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। दिसंबर में वह महिला को यमुनानगर ले आया और यहां किराए का कमरा दिला दिया। कुछ समय तक वह खर्च देता रहा, लेकिन धीरे-धीरे उसने पीड़िता की सुध लेना बंद कर दिया।

जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाला

महिला का आरोप है कि अब मुकेश ने उसे घर से निकाल दिया है और न ही वह कोई खर्च दे रहा है। जब पीड़िता ने अपनी नौकरी और पैसों के बारे में पूछा, तो आरोपी ने उसे और उसके बच्चे को खत्म करने की धमकी दी। पीड़िता पहले से ही तीन बच्चों (एक लड़की और दो लड़के) की मां है और अब इस धोखे के बाद वह दाने-दाने को मोहताज है।

जगाधरी सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मुकेश और विनीता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही दोनों सलाखों के पीछे होंगे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News