यमुनानगर में नाबालिग से दुष्कर्म: घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम, जान से मारने की दी धमकी 

यमुनानगर में एक युवक ने घर में घुसकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो वायरल करने व जान से मारने की धमकी भी दी।

Updated On 2024-08-09 19:08:00 IST
यमुनानगर में नाबालिग से दुष्कर्म। 

यमुनानगर: बिलासपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने घर में घुसकर 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर उसकी अश्लील फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ आठ पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

12वीं कक्षा की छात्रा है पीड़ित

जानकारी अनुसार बिलासपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की कस्बे के एक स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है। उसकी लड़की को गांव लेदा खास निवासी निखिल काफी दिन से परेशान कर रहा था। आरोपी उसकी लड़की को स्कूल में आते जाते परेशान करता था। 29 जुलाई को वह परिवार के सदस्यों के साथ किसी काम से बाहर गई थी और घर पर उसकी लड़की अकेली थी। जब वह वापस घर लौटे तो उसने आरोपी निखिल को अपनी लड़की के कमरे से निकलते हुए देखा। उसे आता देखकर आरोपी वहां से भाग गया।

जबरन किया दुष्कर्म, खींची अश्लील फोटो

पीड़िता की मां ने बताया कि जब उसने अपनी लड़की से निखिल के बारे में पूछा तो उसने बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।

Similar News